नया बदायूं

सरदार पटेल की 151वीं जयंती पर पुलिसकर्मियों ने ली राष्ट्रीय एकता की शपथ

 

 

बदायूं संवाददाता।

लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार को रिजर्व पुलिस लाइन्स बदायूं में शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. हृदेश कठेरिया ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और राष्ट्र की सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई।

इस दौरान पुलिसकर्मियों ने देश की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा करने तथा राष्ट्र की आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में दिए गए अमूल्य योगदान को याद किया गया। वक्ताओं ने देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने में उनके ऐतिहासिक योगदान पर प्रकाश डालते हुए सभी से उनके आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी नगर सुमेध मिलिंद जाधव, प्रतिसार निरीक्षक इन्द्रजीत सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Exit mobile version