बदायूं संवाददाता।
संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार 26 नवंबर को डॉ. भीमराव आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के अंतर्गत जनपद की छह विधानसभाओं में चयनित स्थलों पर शिलान्यास एवं पूजन कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान विकास कार्यों का शिलान्यास कर संविधान के मूल्यों, सामाजिक समरसता और समानता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ लखनऊ स्थित लोक भवन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में हुआ। इसका सजीव प्रसारण बदायूं में विधानसभावार आयोजित कार्यक्रमों में दिखाया गया। मुख्यमंत्री ने प्रदेशभर में योजना के अंतर्गत होने वाले विकास कार्यों का शिलान्यास किया।
जनपद में दातागंज विधानसभा के विकासखंड समरेर के ग्राम कमां में ब्लॉक प्रमुख अतेन्द्र विक्रम सिंह, सदर विधानसभा के विकासखंड वजीरगंज के ग्राम धर्मपुर में विधायक महेश चंद्र गुप्ता, बिल्सी विधानसभा के विकासखंड अंबियापुर के ग्राम रम नगला में विधायक हरीश शाक्य ने कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।
इसी क्रम में शेखूपुर विधानसभा के विकासखंड जगत के ग्राम हयात नगर में पूर्व विधायक धर्मेंद्र शाक्य, सहसवान विधानसभा के विकासखंड अंबियापुर के ग्राम बेहटा गुसाईं छोलायन में शारदेंदु पाठक तथा बिसौली विधानसभा के विकासखंड इस्लामनगर के ग्राम भुसाया में विधायक आशुतोष मौर्य ने शिलान्यास एवं पूजन कार्यक्रम में सहभागिता की।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने भारतीय संविधान के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई और समाज के वंचित, शोषित एवं पिछड़े वर्गों को समान अधिकार दिलाने के लिए आजीवन संघर्ष किया। उनका जीवन शिक्षा, समानता, सामाजिक न्याय और आत्मसम्मान की प्रेरणा देता है। वक्ताओं ने लोगों से संविधान में निहित मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों और लोकतांत्रिक मूल्यों का पालन करने तथा सामाजिक समरसता, भाईचारे और समानता को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रमों में परियोजना निदेशक डीआरडीए सतेन्द्र कुमार, जिला विकास अधिकारी मनोज कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी अभय कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी याबर अब्बास, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी प्रणव पाठक, जिला समाज कल्याण अधिकारी मीनाक्षी वर्मा, समाज कल्याण विभाग के सहायक प्रबंधक संतोष कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
