नया बदायूं, संवाददाता।
समाजवादी पार्टी के सहसवान विधायक ब्रजेश यादव ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को छात्रों के संघर्ष की ऐतिहासिक जीत बताते हुए कहा कि अब समय सिर्फ जिम्मेदारी तय करने का नहीं, बल्कि पूरी शिक्षा व्यवस्था को सुधारने का है।
सहसवान विधायक बृजेश यादव ने कहा कि देशभर में लंबे समय से छात्र पेपर लीक, परीक्षा में गड़बड़ी और पारदर्शिता की कमी जैसे मुद्दों को लेकर आंदोलन कर रहे थे। अंततः सरकार को झुकना पड़ा, जो यह साबित करता है कि लोकतंत्र में जनआवाज़ की ताकत सबसे बड़ी होती है।
“व्यवस्था में खामियां दूर करना सरकार की जिम्मेदारी”
ब्रजेश यादव ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में बार-बार हो रही अनियमितताएं युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हैं। केवल मंत्री का इस्तीफा देने से समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि सरकार को ठोस कदम उठाने होंगे।
उठाई मांग
विधायक बृजेश यादव ने मांग की कि परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष बनाया जाए। पेपर लीक जैसी घटनाओं पर कड़ी कानूनी कार्रवाई हो। भर्ती और परीक्षाओं की प्रक्रिया को जवाबदेह और समयबद्ध बनाया जाए।
सपा छात्रों के साथ, संघर्ष रहेगा जारी
सपा विधायक ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा छात्रों और युवाओं के साथ खड़ी रही है और आगे भी उनके हक की लड़ाई लड़ती रहेगी। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करते रहें। अंत में उन्होंने कहा कि अगर समय रहते शिक्षा व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो इसका सीधा असर देश के भविष्य पर पड़ेगा।
