नया बदायूं

आईएमए बदायूं की नई कार्यकारिणी गठित, डॉ. रामिन्दर सिंह बने अध्यक्ष और डॉ. राजेश कुमार वर्मा सचिव

बदायूं संवाददाता।

भारतीय चिकित्सा संघ (आईएमए), शाखा बदायूं की कार्यकारिणी के चुनाव को लेकर 24 अक्टूबर 2026 को शहर के फोर लीफ होटल में महत्वपूर्ण सभा आयोजित की गई। सभा में वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. एमपी गुप्ता और वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. इत्तेहाद आलम को चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया। उनकी देखरेख में चिकित्सकों की सर्वसम्मति से वर्ष 2026-27 के कार्यकाल के लिए आईएमए बदायूं की नवीन कार्यकारिणी का गठन किया गया।

चुनाव में डॉ. संतोख सिंह हॉस्पिटल एंड रामिन्दर नर्सिंग होम के वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. रामिन्दर सिंह को अध्यक्ष तथा जिला चिकित्सालय बदायूं में कार्यरत फिजिशियन डॉ. राजेश कुमार वर्मा को सचिव चुना गया। इसके अलावा राजकीय मेडिकल कॉलेज बदायूं के नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. राजेश कुमार शाक्य को कोषाध्यक्ष, देव किरण हॉस्पिटल के डॉ. वागीश वार्ष्णेय को उपाध्यक्ष, सरला क्लिनिक के डॉ. देवांश यादव को संयुक्त सचिव तथा नरेंद्र-गायत्री हॉस्पिटल बिल्सी की डॉ. चारु वार्ष्णेय को सांस्कृतिक सचिव मनोनीत किया गया।

निवर्तमान कार्यकारिणी को किया सम्मानित

नई कार्यकारिणी के गठन के बाद उपस्थित चिकित्सकों ने नवनियुक्त पदाधिकारियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। वहीं, वर्ष 2025-26 का कार्यकाल पूरा कर रही निवर्तमान कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को उनके सफल कार्यकाल के लिए सम्मानित किया गया।

निवर्तमान अध्यक्ष डॉ. अशोक कुमार, उपाध्यक्ष डॉ. अरुण यादव, सचिव डॉ. अजीत पाल, कोषाध्यक्ष डॉ. कुमार वासु, संयुक्त सचिव डॉ. प्रसून वार्ष्णेय तथा सांस्कृतिक सचिव डॉ. राजेश कुमार वर्मा को डॉ. सुरेश चंद्र नौगरिया, डॉ. इत्तेहाद आलम, डॉ. ए.के. वर्मा, डॉ. डी.वी. शाक्य, डॉ. शलभ वैश्य सहित अन्य चिकित्सकों ने माला, शॉल और उपहार देकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर निवर्तमान अध्यक्ष डॉ. अशोक कुमार ने कहा कि नवनियुक्त अध्यक्ष, सचिव सहित नवीन कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारी आईएमए बदायूं को और अधिक ऊर्जा एवं शक्ति प्रदान करेंगे।

बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए सामंजस्य पर जोर

नवनियुक्त अध्यक्ष डॉ. रामिन्दर सिंह ने सभी चिकित्सकों से मिलकर समाज के प्रत्येक वर्ग के साथ तालमेल स्थापित करते हुए सूझबूझ के साथ चिकित्सकीय कार्य करने का आह्वान किया।

नवनियुक्त सचिव डॉ. राजेश कुमार वर्मा ने कहा कि अपने कार्यकाल में उनकी प्राथमिकता बदायूं के सभी पात्र चिकित्सकों को भारतीय चिकित्सा संघ से जोड़ना रहेगा। साथ ही आम जनमानस, प्रशासनिक अधिकारियों और समाज के सभी स्तंभों के साथ चिकित्सकों का बेहतर सामंजस्य स्थापित करने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इससे जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ चिकित्सकों के मान-सम्मान और अधिकारों की रक्षा भी सुनिश्चित की जा सकेगी।

सभा में आईएमए बदायूं के पदाधिकारियों के अलावा डॉ. एस.एन. गोविल, डॉ. शलभ वैश्य, डॉ. रियाज अहमद, डॉ. अनमोल राज गुप्ता, डॉ. अमन आजाद, डॉ. श्रीकृष्ण यादव, डॉ. नितेश पति तिवारी, डॉ. संदीप, डॉ. नूरुल हसन, डॉ. आकांक्षा यादव, डॉ. अनिरुद्ध सिंह, डॉ. गजेंद्र सिंह वर्मा, डॉ. एम.एस. खान, डॉ. मुकुल शाक्य, डॉ. कृष्णा जौहरी, डॉ. नितीश रस्तोगी, डॉ. हर्षद यादव और डॉ. पूनम शाक्य सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक मौजूद रहे।

Exit mobile version