नया बदायूं

गोवंश संरक्षण में लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी: रमाकांत उपाध्याय

नया बदायूं, संवाददाता।

उत्तर प्रदेश गोसेवा आयोग के सदस्य रमाकांत उपाध्याय ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में CDO गामिनी सिंगला की मौजूदगी में गोवंश संरक्षण को लेकर संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि गोवंश संरक्षण से जुड़े कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।

उन्होंने गोशालाओं में संरक्षित गोवंश के लिए पर्याप्त एवं गुणवत्तापूर्ण चारा, स्वच्छ पेयजल, नियमित पशु चिकित्सा और साफ-सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही गोआश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं और गोवंश के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।

रमाकांत उपाध्याय ने कहा कि निराश्रित गोवंश के संरक्षण और बेहतर रखरखाव के लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय से जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। गोशालाओं में चारा-पानी, स्वच्छता और चिकित्सा सुविधाओं को लगातार बेहतर बनाया जाए।

उन्होंने समाजसेवियों, व्यापारियों, स्वयंसेवी संस्थाओं और दानदाताओं से भी सहयोग लेने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि गोवंश संरक्षण केवल सरकारी विभागों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के सभी वर्गों की सामूहिक जिम्मेदारी है।

सड़कों पर घूमते गोवंश का मुद्दा उठा

बैठक से पहले पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में आयोजित पत्रकारवार्ता में पत्रकारों ने शहर की सड़कों और बाजारों में घूमने वाले गोवंश का मुद्दा उठाया। बताया गया कि मुख्य सड़कों पर बड़ी संख्या में गोवंश बैठे रहते हैं, जबकि बाजारों में कई बार सांडों के आपस में भिड़ने से दुर्घटना का खतरा बना रहता है। पत्रकारों ने गोवंश से जुड़े अन्य मामलों और समस्याओं की भी जानकारी दी।

इस पर रमाकांत उपाध्याय ने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी प्रेम कोहली को निर्देश दिए कि सामने आई शिकायतों और समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराया जाए।

Exit mobile version