नया बदायूं

महिलाओं की भागीदारी से विकास को मिलेगा नया आयाम : राजीव कुमार गुप्ता

नया बदायूं, संवाददाता।
नारी शक्ति वंदन अधिनियम अभियान के तहत सहसवान विधानसभा का सहसवान ब्लॉक में आयोजित सम्मलेन में जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा यादव, ब्लॉक प्रमुख कीर्ति यादव, पूर्व चेयरमैन दीपमाला गोयल, समाज सेविका सविता मालपाडी ने संबोधित किया।

महिलाओं की नेतृत्व क्षमता से देश को मिल रही नई दिशा
जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा आज देश में महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए जो ऐतिहासिक कदम उठाए जा रहे हैं, वे आने वाले भारत की मजबूत नींव रख रहे हैं। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नारी शक्ति को सम्मान, सुरक्षा और अवसर प्रदान करने की दिशा में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। नारी शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से लोकसभा एवं राज्य विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण महिलाओं को राजनीतिक रूप से सशक्त करेगा और उन्हें निर्णय लेने की प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का अवसर देगा। उन्होंने कहा यह अधिनियम देश की करोड़ों महिलाओं के सपनों को साकार करने का माध्यम बनेगा। इस मौके पर राजवाला, बबली शर्मा, साध्वी माहेश्वरी, नीलम माहेश्वरी, मोरश्री गुप्ता, शिवानी अग्रवाल, सीमा यादव, नन्ही यादव, बबलेश ओमवती यादव, सीमा, आरती आदि मातृशक्ति उपस्थित रही।

नारी शक्ति वंदन अधिनियम से बदलेगी राजनीति की तस्वीर
जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षां यादव ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम देश के लोकतंत्र को और अधिक सुदृढ़ और समावेशी बनाएगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं की भागीदारी बढ़ने से शासन व्यवस्था अधिक संवेदनशील और प्रभावी बनेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं ने महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाया है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़कर देश के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

 

महिलाओं को मिल रहा संपूर्ण सम्मान
ब्लॉक प्रमुख कीर्ति यादव ने कहा केंद्र सरकार की योजनाओं ने महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाए हैं। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत हो रही हैं और अपने परिवार व समाज में निर्णय लेने में सक्षम बन रही हैं। इससे उनका सामाजिक सम्मान भी लगातार बढ़ रहा है।

Exit mobile version