नया बदायूं

महिलाओं की भागीदारी बढ़ने से लोकतंत्र होगा और अधिक मजबूत : पुष्पा पांडेय

नया बदायूं, संवाददाता।
नारी शक्ति वंदन अधिनियम अभियान के तहत शहर के डायट ऑडिटोरियम में आयोजित शेखूपुर विधानसभा के सम्मेलन में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग सदस्य पुष्पा पांडेय, पूर्व विधायक धर्मेंद्र शाक्य ने संबोधित किया। कार्यक्रम के उपरांत महिलाओं द्वारा एक भव्य मानव श्रृंखला का आयोजन भी किया गया, जो डाइट ऑडिटोरियम परिसर में लंबी श्रृंखला बनाकर मातृशक्ति ने एकजुटता और सशक्तिकरण का सशक्त संदेश दिया।

राज्य महिला आयोग सदस्य पुष्पा पांडेय ने कहा एक महिला होने के नाते वह इस ऐतिहासिक क्षण को गर्व के साथ देख रही हैं, जब देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नारी शक्ति को सशक्त बनाने के लिए ठोस और निर्णायक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा नारी शक्ति वंदन अधिनियम केवल एक कानून नहीं, बल्कि यह देश की करोड़ों माताओं-बहनों के सम्मान, अधिकार और उनके उज्ज्वल भविष्य का प्रतीक है। लोकसभा एवं राज्य विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान महिलाओं को नई दिशा देगा और उन्हें निर्णय लेने की मुख्यधारा में स्थापित करेगा। उन्होंने आगे कहा कि केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही उज्ज्वला योजना, जनधन योजना, आयुष्मान भारत, मातृत्व वंदना योजना, स्वच्छ भारत मिशन और स्वयं सहायता समूहों को बढ़ावा देने जैसी योजनाओं ने महिलाओं के जीवन में व्यापक परिवर्तन लाया है। आज महिलाएं न केवल आत्मनिर्भर बन रही हैं, बल्कि परिवार और समाज में महत्वपूर्ण निर्णय भी ले रही हैं। उन्होंने कहा कि अब नारी शक्ति केवल एक विचार नहीं, बल्कि विकसित भारत के निर्माण की सबसे बड़ी ताकत बन चुकी है। यहां जिला उपाध्यक्ष सीमा राठौर, जिला मंत्री आरती कश्यप, जिला मंत्री राजवती वर्मा, जिला कोषाध्यक्ष महिला मोर्चा सलोनी पाठक, प्रतिभा गुप्ता ने अपने विचार व्यक्त किये। कार्यक्रम में मंच का संचालन जिला मंत्री रचना शंखधार ने किया। इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य तारावती शाक्य, ममता श्रीवास्तव, गुड्डी राघव, छाया शर्मा, कमला देवी, नन्ही देवी, वंदना शर्मा, वंदना श्रीवास्तव, जौली वैश्य आदि मातृशक्ति उपस्थित रही।

अब राष्ट्र निर्माण की मुख्य धारा में आई नारी शक्ति : धर्मेंद्र शाक्य
पूर्व विधायक धर्मेंद्र शाक्य ने कहा नारी शक्ति वंदन अधिनियम देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने वाला कदम है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को नेतृत्व में स्थान मिलने से शासन व्यवस्था अधिक संवेदनशील और प्रभावी बनेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को जो सम्मान और अवसर मिले हैं, उससे उनका आत्मविश्वास बढ़ा है और वे हर क्षेत्र में अपनी पहचान स्थापित कर रही हैं।

Exit mobile version