बदायूं, संवाददाता।
नगर पालिका परिषद परिसर में आयोजित सेवा संकल्प कैंप का शुभारंभ पालिकाध्यक्ष फात्मा रजा ने फीता काटकर किया। कैंप चार अक्टूबर तक चलेगा। इसमें नागरिकों को विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ उनकी समस्याएं और शिकायतें भी दर्ज की जा रही हैं।
कैंप में स्वास्थ्य विभाग, पीएम स्वनिधि, महिला कल्याण विभाग और नगर पालिका परिषद के अधिकारी-कर्मचारियों ने भाग लिया। नगर पालिका की ओर से नागरिकों को गृहकर, जलकर सहित अन्य करों से संबंधित जानकारी दी गई और कर जमा करने की प्रक्रिया समझाई गई।
इसके अलावा सफाई व्यवस्था, कूड़ा उठान, नालियों की सफाई, पेयजल आपूर्ति तथा अन्य शहरी सुविधाओं से जुड़ी शिकायतें भी दर्ज की गईं। संबंधित कर्मचारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर जल्द समाधान करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी विनय कुमार मणि त्रिपाठी, सभासद ग्रीश शुक्ला, किशोर कश्यप, नवैद, अबरार, कार्यालय अधीक्षक सूर्य प्रकाश सक्सेना, मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक केशव गंगवार, निर्माण लिपिक सक्सेना, लिपिक नवैद इकबाल गनी, मनोज सक्सेना, राकेश सोनकर, इमरान सहित नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Discussion about this post