बदायूं सवांददाता।
पूर्व मंत्री आबिद रज़ा ने समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव (नेता जी) की चौथी पुण्यतिथि के अवसर पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने नेता जी के राजनीतिक जीवन, संघर्ष और समाजवादी विचारधारा के प्रति उनके योगदान को याद किया।
पूर्व मंत्री आबिद रज़ा ने कहा कि नेता जी किसान, छात्र, मजदूर, अल्पसंख्यक सहित समाज के सभी वर्गों के नेता थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन समाजवादी विचारधारा, सामाजिक न्याय और आम जनता के हितों के लिए समर्पित किया। आबिद रज़ा ने कहा कि नेता जी उनके राजनीतिक आदर्श थे। उनके बताए रास्ते पर चलकर जनता के दिलों में जगह बनाई जा सकती है और राजनीति में सफलता हासिल की जा सकती है।
उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने अपने संघर्ष और मेहनत के दम पर राजनीति में अपनी पहचान बनाई। वह जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाते थे। उनका राजनीतिक जीवन आने वाली पीढ़ियों को जनसेवा और संघर्ष की प्रेरणा देता रहेगा।
इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) की भागीदारी बढ़ाने तथा समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने का संकल्प व्यक्त किया। कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का लक्ष्य भी रखा।
पूर्व मंत्री आबिद रज़ा ने कहा कि अखिलेश यादव नेता जी की विचारधारा को आगे बढ़ाते हुए सामाजिक न्याय और पीडीए की भागीदारी को मजबूत करने की दिशा में काम कर रहे हैं। उन्होंने नेता जी के विचारों और सिद्धांतों पर चलने का आह्वान किया।

Discussion about this post