नया बदायूं, संवाददाता।
जनपद में 28 जून 2026 को आयोजित होने वाले सघन पल्स पोलियो अभियान के तहत शनिवार को सीएमओ कार्यालय से जनजागरूकता रैली निकाली गई। रैली का शुभारंभ सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता एवं सीएमओ डॉ. विकास शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर किया।
शनिवार को जागरूकता कार्यक्रम के दौरान विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि देश को पोलियो मुक्त बनाए रखने के लिए 0 से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की दो बूंद दवा पिलाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि कोई भी बच्चा इस सुरक्षा कवच से वंचित न रहे। सीएमओ डॉ. विकास शर्मा ने बताया कि 28 जून को सभी नजदीकी पल्स पोलियो बूथों पर 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को निःशुल्क पोलियो की दो बूंद दवा पिलाई जाएगी। इसके बाद 29 जून से 3 जुलाई तक स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को दवा पिलाएंगी, जबकि बी-टीम गतिविधि 6 जुलाई को संचालित होगी।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. असलम ने बताया कि जो बच्चे बूथ तक नहीं पहुंच पाएंगे, उन्हें अगले पांच दिनों तक स्वास्थ्य कार्यकर्ता घर-घर जाकर पोलियो की खुराक देंगे। विशेष रूप से ईंट-भट्ठों, निर्माण स्थलों और मलिन बस्तियों जैसे उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। जागरूकता रैली में शहरी आशाओं, जिला पुरुष चिकित्सालय एवं सीएमओ कार्यालय के कर्मचारियों ने भाग लिया। रैली मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय से शुरू होकर भगवान परशुराम चौक, रोडवेज, पुलिस लाइन और वन विभाग होते हुए पुनः सीएमओ कार्यालय पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान डॉ. मोहम्मद तहसीन (उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी), डॉ. असलम (जिला प्रतिरक्षण अधिकारी), जिला मलेरिया अधिकारी योगेश कुमार सारस्वत, सुधा देवी (डीएचईआईओ), डॉ. कौशल गुप्ता (एपिडेमियोलॉजिस्ट), उमेश (अर्बन कोऑर्डिनेटर) सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
