नया बदायूं

मिशन शक्ति: कक्षा नौ की छात्रा अलशिफा बनीं एक दिन की सीडीओ

बदायूं, संवाददाता।

मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के तहत कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, जगत की कक्षा नौ की छात्रा अलशिफा को एक दिन के लिए प्रतीकात्मक मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) बनाया गया। सीडीओ गामिनी सिंगला के निर्देशन में हुई इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और प्रशासनिक कार्यप्रणाली की समझ विकसित करना है।

एक दिन की सीडीओ बनीं अलशिफा ने जनपद में संचालित विकास कार्यों की समीक्षा की और प्रशासनिक कार्यों की प्रक्रिया को समझा। इस दौरान उन्हें अधिकारियों की जिम्मेदारियों और निर्णय लेने की प्रक्रिया से परिचित कराया गया।

सीडीओ गामिनी सिंगला ने कहा कि मिशन शक्ति के माध्यम से बालिकाओं को सशक्त बनाने और उन्हें अपने भविष्य के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी पहल से बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ता है और वे अपने लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें हासिल करने के लिए प्रेरित होती हैं।

उन्होंने कहा कि बालिकाओं को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना जरूरी है, ताकि वे भविष्य में उच्च प्रशासनिक पदों पर पहुंचकर देश और समाज की सेवा कर सकें।

Exit mobile version