नया बदायूं

मिशन 2027: बिसौली विधानसभा से संभावित भाजपा प्रत्याशी रामनरेश गौतम ने आगरा में की राजनीतिक मुलाकात

 

आगरा। राज्य ब्यूरो

मिशन 2027 को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। इसी क्रम में 112 बिसौली विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के संभावित प्रत्याशी रामनरेश गौतम ने आगरा पहुंचकर बृज क्षेत्र के क्षेत्रीय संगठन से जुड़े अभय गिरी तथा उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री एवं एससी-एसटी आयोग के पूर्व अध्यक्ष रामबाबू हरित से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने दोनों वरिष्ठ नेताओं से आशीर्वाद प्राप्त किया और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक चर्चा की।

रामनरेश गौतम ने स्वयं को बिसौली विधानसभा क्षेत्र में दलित समाज के उभरते चेहरे के रूप में प्रस्तुत करते हुए क्षेत्र की राजनीतिक परिस्थितियों और अपनी दावेदारी पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता बदलाव चाहती है और इस बार सर्वसमाज के लोगों का समर्थन उन्हें मिल रहा है। उनका दावा है कि 2027 के विधानसभा चुनाव में बिसौली की जनता उन्हें विधायक बनाने का मन बना चुकी है।

उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र के विकास और जनता की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है। विकसित बिसौली विधानसभा बनाना उनका लक्ष्य है। इस संबंध में अपनी राजनीतिक गतिविधियों और जनसंपर्क की जानकारी भी उन्होंने वरिष्ठ नेताओं के समक्ष रखी।

मुलाकात के दौरान क्षेत्रीय संगठन से जुड़े अभय गिरी ने उन्हें संगठन स्तर पर विचार किए जाने का आश्वासन देते हुए अपना आशीर्वाद दिया। रामनरेश गौतम ने कहा कि वह जनता के बीच रहकर उनकी सेवा और क्षेत्र के विकास के लिए लगातार प्रयासरत रहेंगे।

फिलहाल बिसौली विधानसभा क्षेत्र में मिशन 2027 को लेकर संभावित दावेदारों की सक्रियता और राजनीतिक मुलाकातों का दौर चर्चा का विषय बना हुआ है।

Exit mobile version