नया बदायूं

वजीरगंज में दिनदहाड़े ईंटों से कुचलकर अधेड़ की हत्या, गांव में तनाव

वजीरगंज (बदायूं), संवाददाता।

वजीरगंज थाना क्षेत्र के गांव फतेह नगला में मंगलवार को 45 वर्षीय खेमकरण की ईंटों से कुचलकर हत्या कर दी गई। परिजनों ने पुरानी रंजिश के चलते गांव के तीन लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने एक कथित आरोपी को पेड़ से बांध दिया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

परिजनों के मुताबिक, खेमकरण अपने घेर में उपले पाथने के लिए जगह साफ कर रहा था। इसी दौरान अवनीश पुत्र रामपाल और पान सिंह पुत्र दुर्गपाल पर ईंटों से कुचलकर उसकी हत्या करने का आरोप है। परिजनों ने मुरारी पुत्र रोशनलाल समेत तीन लोगों को घटना में शामिल बताया है।

हत्या की खबर फैलते ही गांव में भीड़ जुट गई और तनाव की स्थिति बन गई। सूचना पर तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। बिसौली के सीओ, इंस्पेक्टर, तहसीलदार और नायब तहसीलदार अमित कुमार ने घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की।

एसपी देहात हृदेश कठेरिया का कहना है फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई है।

Exit mobile version