नया बदायूं

गहरे गड्ढों में तब्दील एमएफ हाईवे, हादसे का खतरा बढ़ा

वजीरगंज, संवाददाता।

बदायूं-मुरादाबाद एमएफ हाईवे पर सोई गांव से दिसौलीगंज तक सड़क की हालत लगातार खराब होती जा रही है। हाईवे पर जगह-जगह गहरे गड्ढे होने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क के गड्ढों से बचने के लिए वाहन चालक कई स्थानों पर रॉन्ग साइड से निकलने को मजबूर हैं, जिससे आमने-सामने वाहनों की टक्कर और हादसे का खतरा बना हुआ है।
कस्बा सैदपुर में सैयद पीजी डिग्री कॉलेज, हिंदुस्तान पेट्रोल पंप तथा नदवारी गांव के पास सड़क की स्थिति सबसे अधिक खराब बताई जा रही है। इन स्थानों पर सड़क कई जगह गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भरने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना भी मुश्किल हो जाता है, जिससे दोपहिया वाहन चालकों के लिए खतरा और बढ़ जाता है।
हाईवे से प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। खराब सड़क के कारण वाहनों की रफ्तार प्रभावित होने के साथ ही जाम जैसी स्थिति भी बनती है। वहीं पैदल राहगीरों को भी सड़क पार करने और किनारे से निकलने में परेशानी होती है।
स्थानीय राहगीरों और वाहन चालकों का कहना है कि हाईवे पर लगातार गड्ढे बढ़ रहे हैं, लेकिन संबंधित विभाग की ओर से अब तक स्थायी मरम्मत नहीं कराई गई है। लोगों ने संबंधित विभाग से जल्द सड़क की मरम्मत कराने, गड्ढों को भरवाने और मार्ग को गड्ढामुक्त करने की मांग की है, ताकि आवागमन सुचारु होने के साथ हादसों की आशंका को भी कम किया जा सके।

Exit mobile version