नया बदायूं, बदायूं, संवाददाता।
भाजपा द्वारा संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में संचालित समरसता संकल्प अभियान के अंतर्गत उनकी पावन जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर, वाराणसी से लाई गई कलश पावन माटी का शुक्रवार को जनपद आगमन पर गौरीशंकर मंदिर में जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता, सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, पूर्व विधायक धर्मेंद्र शाक्य, डीसीबी चेयरमैन जेके सक्सेना, पूर्व चेयरमैन दीपमाला गोयल, मनोज मशीह, तथा दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह ने दातागंज इंटरचेंज पापड़ पर स्वागत किया तथा पार्टी पदाधिकारियों ने श्रद्धापूर्वक स्वागत किया तथा पुष्प अर्पित कर पावन माटी का अभिनंदन किया।
इसी क्रम में यह पावन माटी कलश यात्रा जनपद के सभी 30 मंडलों व दलित वस्तियों में पहुंचेगी तथा संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज के समरसता, समानता, सामाजिक सद्भाव और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेगी। अभियान के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग को जोड़ते हुए सामाजिक समरसता को और अधिक सुदृढ़ बनाने का संकल्प लिया जाएगा।
जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा भाजपा संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष को जनभागीदारी के साथ मना रही है। समरसता संकल्प अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक समान सम्मान, सामाजिक समरसता और राष्ट्रहित की भावना पहुंचाने का जनआंदोलन है। जनपद के सभी 30 मंडलों में पहुंचने वाली यह पावन माटी लोगों को संत रविदास महाराज के विचारों से जोड़ते हुए सामाजिक एकता को नई शक्ति प्रदान करेगी।
सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज का जीवन समाज को जोड़ने और भेदभाव मिटाने की प्रेरणा देता है। उनकी जन्मस्थली की पावन माटी का बदायूं आगमन पूरे जनपद के लिए गौरव का विषय है। यह अभियान समाज में समरसता और आत्मीयता की भावना को और मजबूत करेगा।
पूर्व विधायक धर्मेंद्र शाक्य ने कहा कि संत गुरु रविदास महाराज ने अपने जीवन और वचनों से मानवता, समानता और सेवा का जो मार्ग दिखाया, वह आज भी उतना ही प्रासंगिक है। पावन माटी कलश यात्रा प्रत्येक मंडल में पहुँचकर समाज को एकता, सद्भाव और सामाजिक समरसता का संदेश देगी तथा लोगों को उनके आदर्शों से जोड़ने का कार्य करेगी।
इस अवसर पर पूर्व दर्जा मंत्री राममूर्ति लाल जिला महामंत्री/अभियान संयोजक जोगेंद्र सिंह पटेल, एमपी सिंह राजपूत, शैलेन्द्र मोहन शर्मा, बुद्धपाल सिंह, सीमा राठौर, रचना शंखधार, राजवती वर्मा, उदयवीर दिवाकर, धीरज पटेल, सहदेव सागर, अनुभव उपाध्याय, दुष्यंत सिंह, अचल शर्मा, गोपाल शर्मा, अजय मथुरिया, रचित साहू, हिमांशु सक्सेना, अर्चित सिंह, दीपक सक्सेना, अभिषेक मथुरिया आदि पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
