नया बदायूं

झंडा मेरी शान’ कार्यक्रम में गूंजा देशभक्ति का संदेश, एकता और सद्भावना का लिया संकल्प

नया बदायूं, संवाददाता।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर युवा सद्भावना मंच बदायूं और आदर्श युवा मंच के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को अल्फारिया हॉस्पिटल में ‘झंडा मेरी शान’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने तिरंगे के सम्मान, देश की एकता और आपसी भाईचारे का संदेश दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अल्फारिया हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ. इत्तेहाद आलम ने किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद करने का अवसर है। उन्होंने देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
डॉ. संजीदा आलम ने शायराना अंदाज में देश की एकता का संदेश देते हुए कहा कि देशवासियों की पहचान सबसे पहले हिंदुस्तानी के रूप में होनी चाहिए। उन्होंने तिरंगे को देश की शान बताते हुए उसके सम्मान का आह्वान किया।
डॉ. राबिया शकील ने कहा कि ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना, जरूरतमंदों की मदद करना, कानून का सम्मान, स्वच्छता, शिक्षा और आपसी भाईचारा कायम रखना भी सच्ची देशभक्ति है।
फरिया आलम ने सीमा पर तैनात जवानों को नमन करते हुए उनके साहस और समर्पण को देश की सुरक्षा का आधार बताया। वहीं मोहम्मद शादाब अंसारी ने ऐसे भारत के निर्माण का संकल्प लेने की बात कही, जहां हर बच्चे को शिक्षा, हर युवा को अवसर, महिलाओं को सुरक्षा और हर गरीब को सम्मान मिले।
युवा सद्भावना मंच के अध्यक्ष सुबोध यादव ने कहा कि 15 अगस्त 1947 को देश को ब्रिटिश शासन से आजादी मिली। यह स्वतंत्रता लाखों देशवासियों के संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। उन्होंने देश की एकता और अखंडता बनाए रखने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के समापन पर मंच के उपाध्यक्ष गौरव कुमार ने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए देश को एकजुट और मजबूत बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया।

यह रहे मौजूद
इस दौरान इसराइल अली, जावेद अख्तर, डॉ. गुलाम मुस्तफा, डॉ. विकास बघेल, आसिफ अब्बासी, वसीम, कंचन, सीता, सबा, जोयना, याकूब, आरिश अली, सोनू मौर्य, रूबी, खुसनाज, नौशाद अली, अमिरूल, जैद, ओमप्रकाश राजपूत सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Exit mobile version