बदायूं, संवाददाता।
जनपद के प्रसिद्ध मेला ककोड़ा की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने निरीक्षण तेज कर दिया है। मिनी कुंभ मेला ककोड़ा 17 नवंबर से शुरू होकर 1 दिसंबर तक चलेगा। 23 नवंबर को मेला ककोड़ा का उद्घाटन होगा और 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा पर मुख्य स्नान होगा। लाखों की संख्या में पहुंचेंगे मेला ककोड़ा के श्रद्धालु और इसको लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है व्यवस्थाओं में अभी से लग गया है। रोहिलखंड के अलावा अन्य मंडल और जनपदों से यहां भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।
बुधवार को 500 वर्ष पुराने मेला ककोड़ा का जिलाधिकारी अवनीश राय और एसएसपी अंकिता शर्मा ने मेला स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि किसी को परेशानी का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान डीएम और एसएसपी ने मेला स्थल पर बनाए जा रहे विभिन्न शिविरों, घाटों, सीसीटीवी कैमरों, सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग, प्रकाश, पेयजल और साफ-सफाई की व्यवस्थाओं को परखा। इसके साथ ही वॉच टावर और पब्लिक एड्रेस सिस्टम का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मेला ककोड़ा के नक्शे का अवलोकन कर व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी अवनीश राय ने कहा कि मेला ककोड़ा जनपद का प्रसिद्ध धार्मिक मेला है, जहां हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर गंगा स्नान और धार्मिक अनुष्ठान कर पुण्य लाभ प्राप्त करते हैं। ऐसे में मेले की व्यवस्थाएं इस तरह सुनिश्चित की जाएं कि श्रद्धालुओं को आवागमन, स्नान, पेयजल और अन्य सुविधाओं के लिए किसी प्रकार की दिक्कत न हो। उन्होंने सभी अधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी से निर्वहन करने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के साथ सहयोगात्मक व्यवहार किया जाए और उनकी सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। प्रशासन का प्रयास होना चाहिए कि श्रद्धालु मेले से अच्छा अनुभव लेकर लौटें। उन्होंने स्पष्ट किया कि मेला सुचारू रूप से संचालित हो और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं।
जिलाधिकारी ने बताया कि मेला स्थल का कई बार निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की जा चुकी है। शासन की मंशा के अनुरूप मेले का आयोजन कराया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और अन्य जरूरी सुविधाएं भी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम सदर सांई आश्रित साखमुरी, एसपी सिटी अभिषेक सिंह, इंजीनियर जिला पंचायत पवन गोयल संबंधित प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
