नया बदायूं

राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद की बैठक संपन्न, पुरानी पेंशन बहाली की उठी मांग

नया बदायूं, संवाददाता।

राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद की बैठक मंगलवार को बाढ़ खंड कार्यालय परिसर में जिलाध्यक्ष रवि कुमार की अध्यक्षता में हुई। बैठक में विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने एकजुटता दिखाते हुए कर्मचारी हितों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।
जिला मंत्री सरोज यादव ने कहा कि एकता ही कर्मचारियों की सबसे बड़ी ताकत है। सभी कर्मचारियों को अपने अधिकारों के लिए संगठित रहना चाहिए। बैठक में विभिन्न कर्मचारी संवर्गों की लंबित वेतन विसंगतियों पर चिंता जताई गई। साथ ही पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की मांग सरकार से की गई।
बैठक का संचालन ड्राइंग स्टाफ एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष अनिल कुमार मिश्र ने किया। सिंचाई संघ के संरक्षक सतेंद्र पाल सिंह शाक्य, पूर्व जिला मंत्री राम प्रकाश सिंह राठौर और वर्तमान अध्यक्ष सौरभ शर्मा ने भी कर्मचारी हितों के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने की बात कही।
बैठक में बाढ़ खंड और नलकूप खंड सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारी मौजूद रहे। इनमें मुकेश कुमार सक्सेना, राजीव कुमार गुप्ता, राजेश कुमार, सैय्यद जाफर अली, उमेश चन्द्र, नरेन्द्र सिंह, सुधांशु मिश्रा, राजीव कुमार, कमलेश कुमार, अन्नू सागर, मीरा, प्रशांत दीक्षित सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी शामिल रहे।

Exit mobile version