नया बदायूं

राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए न्यायिक अधिकारियों की बैठक

नया बदायूं, संवाददाता।

राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बदायूं में बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों एवं अधिकाधिक वादों के निस्तारण को लेकर चर्चा की गई।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की प्रभारी सचिव सुमन तिवारी ने बताया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशों के अनुपालन में 12 सितंबर को सुबह 10 बजे से जनपद न्यायालय परिसर बदायूं में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। राष्ट्रीय लोक अदालत की अध्यक्षता जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बदायूं द्वारा की जाएगी।
जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर राष्ट्रीय लोक अदालत के नोडल अधिकारी राज वीर सिंह एवं प्रभारी सचिव सुमन तिवारी की अध्यक्षता में न्यायिक मजिस्ट्रेटगण के साथ बैठक हुई। बैठक में विभिन्न प्रकार के वादों के अधिकाधिक निस्तारण को लेकर रणनीति बनाई गई।
बैठक में फौजदारी वाद, समझौता योग्य वाद, चेक बाउंस से संबंधित धारा 138 एनआई एक्ट, लघु वाद, सिविल वाद सहित अन्य मामलों को राष्ट्रीय लोक अदालत में आपसी समझौते के आधार पर निस्तारित कराने पर जोर दिया गया।
न्यायिक अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जनसामान्य को राष्ट्रीय लोक अदालत के संबंध में अधिक से अधिक जानकारी उपलब्ध कराई जाए तथा प्री-लिटिगेशन विवादों को भी चिन्हित कर नियत किया जाए, ताकि पक्षकारों की आपसी सहमति एवं समझौते के आधार पर अधिकाधिक मामलों का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण किया जा सके।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से लोगों से अपील की गई कि वे राष्ट्रीय लोक अदालत का लाभ उठाते हुए आपसी सहमति से अपने विवादों का निस्तारण कराने के लिए आगे आएं।

Exit mobile version