नया बदायूं, संवाददाता।
शेखूपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम टुंगसैय्या में स्वर्गीय सरनाम सिंह यादव की पावन स्मृति में एक भव्य पौधारोपण एवं पौध वितरण कार्यक्रम किया गया। कार्यक्रम के संयोजक पूर्व डीजीसी जवाहर सिंह यादव एडवोकेट एवं भानू यादव रहे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बदायूं के सांसद आदित्य यादव उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के तौर पर पूर्व मंत्री आबिद रज़ा एवं पूर्व विधायक प्रेमपाल सिंह यादव ने शिरकत की। इस अवसर पर हजारों की संख्या में क्षेत्रीय ग्रामीणों, किसानों एवं गणमान्य लोगों ने भाग लिया।
फलदार पौधे बांटे
कार्यक्रम के अंतर्गत आम, कटहल, अमरूद, करौंदा, जामुन, आंवला सहित विभिन्न प्रकार के फलदार वृक्षों की हजारों पौध किसानों एवं ग्रामवासियों को वितरित की गईं। साथ ही अतिथियों द्वारा स्वयं पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
2027 में बनेगी सपा की सरकार
मुख्य अतिथि आदित्य यादव ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं और उनका संरक्षण करना प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सराहनीय पहल हैं। साथ ही उन्होंने वर्ष 2027 में सपा की सरकार बनने पर किसानों, बेरोजगार युवाओं और पीड़ित वर्ग को उनका हक दिलाने का आश्वासन भी दिया।
सपा की विचारधारा में विकास
पूर्व मंत्री आबिद रज़ा ने कहा कि लगाया गया प्रत्येक पौधा समाजवादी विचारधारा का प्रतीक है और जैसे-जैसे ये पौधे बढ़ेंगे, वैसे-वैसे समाजवादी पार्टी की मजबूती भी बढ़ेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 में प्रदेश में समाजवादी सरकार बनेगी।
पौधरोपण के संग संरक्षण
पूर्व विधायक प्रेमपाल सिंह यादव ने सभी को बधाई देते हुए कहा कि पौधारोपण के साथ-साथ उनका संरक्षण भी अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि वृक्ष हमारे जीवन की आधारशिला हैं।
आयोजक जवाहर सिंह यादव ने सभी अतिथियों का माल्यार्पण, शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया तथा कार्यक्रम में शामिल सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।
यह मौजूद
कार्यक्रम की अध्यक्षता आचार्य जगराम देव (राष्ट्रीय अध्यक्ष, मानव उत्थान सेवा समिति, इटावा) ने की, जबकि संचालन वीके सिंह ने किया।जिला बार एसोसिएशन बदायूं के महासचिव संदीप मिश्रा, सपा जिला महासचिव उदयवीर शाक्य, जिला उपाध्यक्ष सुनील यादव, बदायूं विधानसभा अध्यक्ष अतुल पटेल, पूर्व ब्लॉक प्रमुख कृष्णपाल सिंह गुरु, अवनीश यादव, प्रधान अल्लापुर श्रीपाल सिंह, प्रधान फतेहपुर उदयवीर सिंह, प्रधान पतौरा रोहतास यादव, सोमेंद्र यादव, भानू यादव सहित बड़ी संख्या में प्रधान, पूर्व प्रधान एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
