नया बदायूं, संवाददाता।
जिला अस्पताल में रोटरी क्लब ऑफ बदायूं सेंट्रल के तत्वावधान में स्वतंत्रता सेनानी आदर्शों के प्रतिबिंब एवं देश की अखंडता के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले अमर शहीद लाला जगत नारायण की पुण्यतिथि के अवसर पर विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए रक्तदान किया।
कार्यक्रम में सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, भाजपा नेत्री सलोनी पाठक, वरिष्ठ पत्रकार राहुल सक्सेना, रोटरी क्लब ऑफ बदायूं सेंट्रल के अध्यक्ष प्रदीप कुमार गुप्ता, सचिव मोनिंद्र कुमार सिंह सहित क्लब के पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
इस अवसर पर भाजपा नेत्री सलोनी पाठक ने कहा कि रक्तदान केवल एक दान नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है। हमारे द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद मरीज के जीवन में नई उम्मीद जगा सकता है। उन्होंने कहा कि समाज के स्वस्थ लोगों को आगे आकर नियमित रक्तदान के लिए लोगों को प्रेरित करना चाहिए।
सलोनी पाठक ने कहा कि अमर शहीद लाला जगत नारायण की पुण्यतिथि पर आयोजित यह रक्तदान शिविर उनके आदर्शों को याद करने के साथ-साथ समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का भी अवसर है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे रक्तदान को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करें और जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आएं।
उन्होंने कहा, “रक्तदान महादान है। आपका एक बूंद रक्त किसी जरूरतमंद के जीवन में नई आशा और नया जीवन दे सकता है। आइए, हम सभी नियमित रूप से रक्तदान करने का संकल्प लें और मानवता की इस महान सेवा में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।”
शिविर में रोटरी क्लब के पदाधिकारियों ने रक्तदान करने वाले लोगों का उत्साहवर्धन किया तथा समाज के अन्य लोगों से भी रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की। कार्यक्रम का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही लोगों को नियमित रक्तदान के प्रति जागरूक करना रहा।
