नया बदायूं, संवाददाता।
जिले के बिसौली कोतवाली क्षेत्र के गांव निजामुद्दीनपुर शाह में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। मायके पक्ष ने ससुराल पक्ष पर गला दबाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद से ससुराल पक्ष के लोग घर से फरार बताए जा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामपुर जिले के थाना शाहबाद क्षेत्र के गांव अनवा निवासी अनोखे लाल ने अपनी 22 वर्षीय बेटी दीपेश की शादी करीब एक वर्ष पूर्व बिसौली क्षेत्र के गांव निजामुद्दीनपुर शाह निवासी बृजेश उर्फ वीरेश के साथ की थी।
बताया जा रहा है कि सोमवार को दीपेश की अचानक तबीयत बिगड़ने की सूचना परिजनों को दी गई। ससुराल पक्ष द्वारा उसे निजी अस्पताल ले जाने की बात कही गई, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद ससुराल पक्ष ने मायके वालों को सूचना दी। मृतका के चाचा महावीर के अनुसार, पहले दीपेश के बीमार होने की जानकारी दी गई और कुछ समय बाद उसकी मौत की खबर मिली। जब मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे तो दीपेश का शव घर में पड़ा मिला, जबकि ससुराल पक्ष के लोग घर से गायब थे।
मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक कमलेश मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद मृतका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं गांव में भी तनाव का माहौल बना हुआ है।
