नया बदायूं

गंगा एक्सप्रेस-वे पर भीषण सड़क हादसा, बिसौली विधायक आशुतोष मौर्य घायल

नया बदायूं, संवाददाता वजीरगंज (बदायूं)।

गंगा एक्सप्रेस-वे पर गांव वनकोटा महेरा टोल प्लाजा के पास रविवार सुबह करीब नौ बजे दो कारों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में बिसौली विधानसभा क्षेत्र के विधायक आशुतोष मौर्य उर्फ राजू भैया घायल हो गए। हादसा इतना जबरदस्त था कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। गनीमत रही कि बड़ा हादसा टल गया और सभी की जान बच गई।


रविवार को हादसे में विधायक के हाथ में फ्रैक्चर और गर्दन में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि उनके चालक मुकेश यादव और गनर देव सिंह के सिर में चोटें आईं। तीनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चालक और गनर को घर भेज दिया गया, जबकि विधायक को बिसौली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत खतरे से बाहर है। बाद में उन्हें उनके आवास पर पहुंचा दिया गया।


जानकारी के अनुसार विधायक रविदास जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित कलश यात्रा में शामिल होने के लिए कस्बा वगरैन जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही कार से उनकी फॉर्च्यूनर की आमने-सामने टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सड़क पर अचानक आई एक महिला को बचाने के प्रयास में दोनों वाहन अनियंत्रित हो गए, जिससे हादसा हो गया। हालांकि पुलिस ने अभी तक दुर्घटना के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच जारी है। थाना प्रभारी अश्वनी कुमार मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
दूसरी कार में जिला सहकारी बैंक के कर्मचारी सवार थे। इनमें आसफपुर शाखा के कैशियर अरविंद मिश्रा, बिसौली निवासी शिवकुमार, सहसवान के कैशियर धर्मेंद्र कुमार सिंह और राहुल कुमार शामिल थे। हादसे में अरविंद मिश्रा को गंभीर अंदरूनी चोटें आईं। उन्हें सीएचसी वजीरगंज से प्राथमिक उपचार के बाद चंदौसी के पार्थ अस्पताल रेफर किया गया, जबकि अन्य कर्मचारियों को मामूली चोटें आईं।
बताया गया कि सभी कर्मचारी बदायूं में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की सहकारिता मंडली द्वारा आयोजित गुरु पूजन कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, राहत दल और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई। एंबुलेंस करीब दस मिनट के भीतर घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
सूचना पर बिसौली के सीओ भी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल लिया। उधर विधायक के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर फैलते ही उनके बिसौली स्थित आवास पर समर्थकों और शुभचिंतकों की भीड़ जुट गई। विधायक की पत्नी सुषमा मौर्य तथा पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मधुचंद्रा भी आवास पहुंचीं।
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

Exit mobile version