नया बदायूं

मुख्यमंत्री की बड़ी सौगात : 12 लाख शिक्षकों को कैशलेस इलाज, 1.10 करोड़ विद्यार्थियों को DBT से 1200 रुपये

नया बदायूं, संवाददाता। 

बदायूं में बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा गया, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा शिक्षा क्षेत्र को बड़ी सौगात दी गई। आमगांव की शिक्षिका संगीता शर्मा को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बेहतर कार्य के लिए सम्मानित किया है।


कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के 12 लाख शिक्षकों एवं उनके परिवारों को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना से आच्छादित किया गया, वहीं 1.10 करोड़ विद्यार्थियों को DBT के माध्यम से 1200 रुपये की धनराशि यूनिफॉर्म, जूता-मोजा, स्वेटर, बैग व स्टेशनरी के लिए वितरित की गई।
इसके साथ ही शिक्षकों एवं संविदा कर्मियों की सामाजिक सुरक्षा के लिए स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के साथ एमओयू किया गया तथा राष्ट्रीय स्तर पर चयनित स्वच्छ एवं हरित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को सम्मानित भी किया गया।

बदायूं में जनप्रतिनिधियों ने देखा लाइव प्रसारण
कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखने के लिए कलक्ट्रेट सभागार में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में मौजूद रहे। इस अवसर पर सदर विधायक महेश चन्द्र गुप्ता ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार ऐतिहासिक कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि मिशन कायाकल्प के तहत परिषदीय विद्यालयों की तस्वीर तेजी से बदल रही है और बच्चों को बेहतर शिक्षण वातावरण मिल रहा है।

अन्य जनप्रतिनिधियों की सुनिए

जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा यादव ने कहा कि सरकार का उद्देश्य हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देकर आत्मनिर्भर भारत का निर्माण करना है। वहीं एमएलसी प्रतिनिधि शारदेंदू पाठक ने शिक्षित समाज को विकसित भारत की आधारशिला बताया।

डीएम की सुनिए
जिलाधिकारी अवनीश राय ने कहा कि शिक्षा केवल व्यक्तिगत विकास नहीं बल्कि सशक्त समाज निर्माण का माध्यम है और यह सुनिश्चित करना हम सभी की जिम्मेदारी है कि कोई भी बच्चा विद्यालय से बाहर न रहे।

लाभार्थियों को मिला सीधा लाभ
कार्यक्रम के दौरान जनपद में करीब 2200 शिक्षकों एवं उनके परिवारों को योजना का लाभ मिला, जबकि 2,22,045 विद्यार्थियों को DBT के माध्यम से 1200 रुपये प्रदान किए गए।इसके साथ ही स्वच्छ एवं हरित विद्यालय श्रेणी में चयनित आमगांव जगत विद्यालय की प्रधानाध्यापिका संगीता शर्मा को मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस दौरान लाभार्थियों को प्रतीकात्मक रूप से कार्ड एवं छात्र-छात्राओं को बैग आदि वितरित किए गए।

Exit mobile version