नया बदायूं

नारकोटिक्स तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, 3 किलो ड्रग्स बरामद, दो गिरफ्तार

मुरादाबाद ब्यूरो नया बदायूं। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। मेरठ नारकोटिक्स टीम और कटघर थाना पुलिस ने संयुक्त ऑपरेशन के दौरान 3 किलो नारकोटिक्स बरामद किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने दो तस्करों को मौके से गिरफ्तार किया है, जबकि तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक कार भी जब्त की गई है। बरामद किए गए नारकोटिक्स की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 20 लाख रुपये आंकी जा रही है। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई। सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर कार के जरिए भारी मात्रा में मादक पदार्थ लेकर कटघर थाना क्षेत्र से गुजरने वाले हैं। सूचना मिलते ही मेरठ नारकोटिक्स टीम और कटघर पुलिस ने संयुक्त रूप से चेकिंग अभियान शुरू किया। इसी दौरान संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें 3 किलो नारकोटिक्स बरामद हुआ। गिरफ्तार किए गए दोनों तस्करों की पहचान में एक बदायूं और दूसरे बिहार निवासी के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया है कि दोनों तस्कर एक संगठित गिरोह के लिए काम कर रहे थे और मादक पदार्थ की सप्लाई अलग-अलग जिलों में की जानी थी। पुलिस का मानना है कि यह गिरोह काफी समय से सक्रिय था और इसके तार अन्य राज्यों से भी जुड़े हो सकते हैं। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उन्हें न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है। साथ ही पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुट गई है। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

Exit mobile version