नया बदायूं

वजीरगंज में बड़ी कार्रवाई : तीन अवैध क्लीनिक सील, एक संचालक हिरासत में लिया

नया बदायूं संवाददाता वजीरगंज (बदायूं)।

मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर की गई शिकायत के बाद गुरुवार को कस्बा वजीरगंज में बिना अनुमति व पंजीकरण के संचालित क्लीनिकों के खिलाफ प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की। जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। तमाम झोलाछाप क्लीनिक बन्द करके भाग गए।

 

गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने वजीरगंज कस्बा एव देहात में कार्रवाई की गई है। छापेमारी के दौरान लवकुश क्लीनिक एवं फिजियोथेरेपी सेंटर, कुमार क्लीनिक और खान क्लीनिक को सील कर दिया गया। साथ ही संबंधित संचालकों को नोटिस जारी किए गए, जबकि एक संचालक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इलाके में यह कार्रवाई महानिदेशक एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में की गई। इस दौरान एसडीएम बिसौली, नायब तहसीलदार अंगराज सिंह तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैदपुर के चिकित्सा अधिकारी डॉ. जुनैद मेहंदी मौके पर मौजूद रहे।

बिना पंजीकरण व संसाधनों के संचालित क्लीनिक
जांच के दौरान पाया गया कि संबंधित क्लीनिकों के पास क्लीनिक पंजीकरण, बायोमेडिकल वेस्ट निस्तारण से जुड़े आवश्यक दस्तावेज, प्रदूषण नियंत्रण विभाग का अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) तथा अग्निशमन विभाग की स्वीकृति उपलब्ध नहीं थी।

दस्तावेज न दिखाने पर दर्ज होगा मुकदमा
डॉ. जुनैद मेहंदी ने बताया कि सभी क्लीनिक संचालकों को तीन दिन के भीतर आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। तय समय सीमा में दस्तावेज प्रस्तुत न करने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। मुकदमा दर्ज

फरार हो गए क्लीनिक संचालक
प्रशासन की इस कार्रवाई से कस्बे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही कई अन्य बिना पंजीकरण के चल रहे क्लीनिकों के संचालकों ने अपने प्रतिष्ठान बंद कर दिए और मौके से फरार हो गए।

अभद्रता करने पर गिरफ्तार
वहीं, बड़ा बाजार स्थित लवकुश क्लीनिक के संचालक डॉ. सुशील कुमार को पुलिस ने हिरासत में लेकर थाने भेज दिया। थाना प्रभारी अश्वनी कुमार ने बताया कि संयुक्त टीम के साथ अभद्रता करने के आरोप में उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Exit mobile version