नया बदायूं, संवाददाता।
सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए परिवहन विभाग ने शनिवार और रविवार को विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया। अभियान के दौरान इंटरसेप्टर के माध्यम से सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की गई। विभाग के अनुसार कुल 208 वाहनों के खिलाफ चालान और सीज की कार्रवाई की गई।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन/प्रशासन) हरिओम ने बताया कि सर्वाधिक सड़क दुर्घटनाएं तेज गति से वाहन चलाने और चालकों की लापरवाही के कारण होती हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए परिवहन विभाग की टीम ने इंटरसेप्टर के माध्यम से वाहनों की निगरानी की।
ओवरस्पीड पर सबसे अधिक कार्रवाई
अभियान के दौरान ओवरस्पीड के 122 वाहनों के चालान किए गए। इसके अलावा बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 19, बिना सीट बेल्ट के 32, रॉन्ग साइड ड्राइविंग के 5 तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग करने वाले 20 वाहन चालकों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई।
परिवहन विभाग की कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति रही। विभाग ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा को लेकर आगे भी इसी तरह अभियान जारी रहेगा।
10 ओवरलोड वाहन सीज
खनन में संलिप्त वाहनों के खिलाफ भी प्रवर्तन कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान 10 वाहनों को ओवरलोडिंग के आरोप में सीज किया गया। इन वाहनों के खिलाफ कार्रवाई कुंवरगांव और बिनावर थानों के साथ उप संभागीय परिवहन कार्यालय बदायूं में की गई। कार्रवाई के बाद संबंधित वाहनों से 5 लाख रुपये प्रशमन शुल्क के रूप में सरकारी खाते में जमा कराया गया। इसके साथ ही अनधिकृत रूप से संचालित एक बस को भी उप संभागीय परिवहन कार्यालय में सीज किया गया।
नियमों का पालन करने की अपील
एआरटीओ हरिओम ने जनसामान्य से अपील की कि दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का प्रयोग करें। वाहन निर्धारित गति सीमा में ही चलाएं और ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का प्रयोग न करें। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार प्रवर्तन कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
