नया बदायूं। ब्योरो
बदायूं जनपद में 15 फरवरी को महाशिवरात्रि का पर्व है। अभी से शिव भक्त भगवान भोले की भक्ती में लीन होकर निकल पड़े हैं। गंगा जल भरकर अपने-अपने गंतव्य को रवाना हो रहे हैं और लगातार आ रहे हैं। सड़कों से लेकर गंगा घाट तक बम-बम भोले की जयघोष सुनाई दे रही है और केसरिया रंग में कांवड़ियों की टोलियां निकल रही हैं। महाशिवरात्रि का बड़ा त्योहार है। इस पर्व पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान भोले का जलाभिषेक करते हैं इसीलिए गंगा घाट से सड़कों तक कांवड़िया कांवड़ के साथ दिखने लगे हैं। वहीं एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने फोर्स के साथ गंगा घाट जाकर निरीक्षण किया और फोर्स को अलर्ट किया है।
गैर राज्यों और जनपदों को जल भरकर रवाना कांवड़िया
कछला गंगा घाट से लेकर हाईवे और मार्ग कांवड़ियों से भगवामय रहे हैं और बम-बम भोले की जयघोष होती रही। कछला भागीरथ घाट इन दिनों गुलजार हो रहा है। कछला के भागीरथ घाट पर रोजाना कांवड़ियों का दिनरात आना-जाना लगा हुआ है। कांवड़िया गंगा भागीरथ घाट से जल भर कर अपने-अपने गांव-जिला, राज्य को रवाना हो रहे हैं। शुक्रवार को दिनभर कांवड़ियों का आना-जाना लगा रहा। इस दौरान गंगा घाट पर कांवड़ियों ने स्नान किया और हर-हर महादेव, हर-हर गंगे की जयघोष की। जिससे महौल भक्तिमय हो गया। यहां से कांवड़िया शिव भोलेनाथ के मंदिर जलाभिषेक करने पैदल चल दिये हैं। भोलेनाथ माता पार्वती के भजन गाते हुए कांवड़िया रवाना हो रहे हैं। हरिद्वार से जल भर मध्य प्रदेश, ग्वालियर, भिण्ड, भोपाल, इंदौर, आगरा ,शिकोहाबाद, फिरोजाबाद, भरतपुर, जोधपुर, पीलीभीत, रामपुर, बरेली आदि जनपदों के लिए कांवड़िया जा रहे हैं। झांसी, मध्य प्रदेश ग्वालियर की टोली में करन, महंत मनोज सैन, रोहित कुशवाह ,भरत कुशवाह, राज गुजर, राहुल परिहार, आशीष कुशवाह आदि गंगा जल लेकर शिव के धाम सीहोर कुबेरेश्वर धाम आदि को रवाना हो गए हैं। बतादें कि 15 फरवरी को महाशिवरात्रि है। कांवड़ियों की सुरक्षा व्यवस्था एवं महाशिवरात्रि को लेकर जिला प्रशासन ने मजिस्ट्रेट अफसर तैनात कर दिये हैं। वहीं पुलिस भी व्यवस्था को बेहतर करने में लगी है।
मंदिर कमेटी ने शुरू की तैयारियां
जनपद में 15 फरवरी को महाशिवरात्रि का पर्व मनाया जायेगा। इसको लेकर शहर से देहात तक मंदिर कमेटियों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। अधिकांश जगह महाशिवरात्रि पर मेला का आयोजन होता है। इसको लेकर मंदिर कमेटियां तैयारी कर रही हैं। कोई प्रकाश व्यवस्था का इंतजाम करा रहा है तो कोई रंगाई-पुताई करा रहा है। कहीं-कहीं बेरीकेटिंग भी की जा रही है। इसके अलावा अन्य तैयारियां जोरों पर हैं। शहर में लाला हर प्रसाद मंदिर, बिरूआबाड़ी मंदिर, गौरी शंकर मंदिर, दहेमी का शिव मंदिर, बुर्रा फरीदपुर सहित मंदिरों पर तैयारियां चल रही हैं।
बदायूं से कछला तक एसएसपी ने देखीं व्यवस्थाएं
बदायूं। महाशिवरात्रि पर्व को लेकर एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह द्वारा कछला गंगा घाट एवं कांवड़ यात्रा मार्ग का भ्रमण/निरीक्षण कर श्रद्धालुओं की सुविधा,सुरक्षा सुनिश्चित करने को सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया एवं संबंधित को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। एसएसपी ने एसपी सिटी विजयेंद्र द्विवेदी द्वारा सीओ उझानी डॉ. देवेंद्र कुमार तथा इस्पेक्टर उझानी प्रवीण कुमार एवं पुलिस बल के साथ महाशिवरात्रि को लेकर कछला गंगा घाट एवं कांवड़ यात्रा मार्ग का भ्रमण/निरीक्षण निरीक्षण किया गया। श्रद्धालुओं के सुरक्षित आवागमन,पार्किंग/यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने को संबंधित को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गये। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी सतर्कतापूर्वक ड्यूटी करने, भीड़ प्रबंधन को प्रभावी बनाए रखने तथा सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने को निर्देश दिए गए।
