नया बदायूं, संवाददाता।
मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे हुई तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से शहर की बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। ढाक वाली जारत स्थित बिजली घर में बज्रपात के चलते 8 एमवीए ट्रांसफार्मर का लाइटनिंग अरेस्टर (LA) और 33 केवी केबल बॉक्स बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे शहर के बड़े हिस्से की बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
इस ट्रांसफार्मर से विकास भवन फीडर के माध्यम से शहर के कई महत्वपूर्ण इलाकों में बिजली आपूर्ति की जाती है। अचानक हुए इस तकनीकी फॉल्ट के कारण आवास विकास कॉलोनी, विकास भवन क्षेत्र, जिलाधिकारी आवास रोड, ऑफिसर्स कॉलोनी, पीडब्ल्यूडी क्षेत्र, नेकपुर, बाबा कॉलोनी, महाराज नगर, मंडी समिति, माझिया रोड, आलापुर रोड, ककराला रोड, कमला नगर समेत आधे शहर में अंधेरा छा गया।
20 गांव प्रभावित
सिर्फ शहरी क्षेत्र ही नहीं, बल्कि आसपास के ग्रामीण इलाकों में भी इसका व्यापक असर देखने को मिला। लखनपुर, सावरनपुर, पड़ौआ समेत करीब 20 गांवों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई। कई जगहों पर लोग घंटों तक बिजली का इंतजार करते रहे, जिससे पानी की सप्लाई, घरेलू कामकाज और व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित हुईं।
मरम्मत में जुटीं टीमें, रात तक बहाली के प्रयास
घटना की जानकारी मिलते ही बिजली विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं और तुरंत मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया। उपखंड अधिकारी (एसडीओ) टाउन अरविंद कुमार और अवर अभियंता बिमल चंद्रा ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
नवादा उपखंड अधिकारी शरद प्रताप ने बताया कि आकाशीय बिजली गिरने से 33 केवी केबल बॉक्स और ट्रांसफार्मर का लाइटनिंग अरेस्टर बस्ट हो गया है। उपकरणों के क्षतिग्रस्त होने के कारण मरम्मत कार्य में समय लग रहा है, लेकिन विभाग की टीमें तेजी से काम कर रही हैं और जल्द से जल्द सप्लाई बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।
बार-बार हो रही घटनाओं से उठे सवाल
गौरतलब है कि बीते दिनों भी शहर के आर्य समाज चौक पर ट्रांसफार्मर पर बज्रपात की घटना सामने आई थी। लगातार हो रही इस तरह की घटनाओं ने बिजली व्यवस्था की सुरक्षा और मेंटेनेंस को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हर बारिश में बिजली व्यवस्था प्रभावित होना आम बात हो गई है। यदि समय रहते सुरक्षा उपायों को मजबूत नहीं किया गया, तो भविष्य में और बड़े नुकसान की आशंका बनी रहेगी।
अधिकारी की सुनिए
उपखंड अधिकारी—नवादा के शरद प्रताप और टाउन के अरविंद कुमार—तैनात हैं, जो स्थिति को सामान्य करने में जुटे हुए हैं। विभागीय अधिकारी लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं ताकि जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल की जा सके।
