नया बदायूं, संवाददाता।
यूपी में योगी सरकार की सख्ती के बाद भी दबंग का इकबाल बुलंद है। प्रशासन और न्यायालय के आदेश को दरकिनार करते हुए जमीन पर कब्जा किया जा रहे हैं। ऐसा ही ताजा मामला उघेती थाना क्षेत्र से आया है। न्यायालय का स्टे ऑर्डर होने के बाद भी जमीन पर दबंगों ने अवैध कब्जा कर लिया है। तहसील और थाने के चक्कर लगाते लगाते पीड़ित परेशान है और उसकी सुनवाई नहीं की जा रही है। आखिरकार पीड़ित ने डीएम-एसएसपी को शिकायती पत्र भेजने के साथ ही मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है और न्याय न मिलने पर आत्महत्या की चेतावनी दी है।
जनपद बदायूं के थाना उघैती क्षेत्र के ग्राम नागर पुखरा से भूमि विवाद का एक मामला सामने आया है। पीड़ित सुखवीर का आरोप है कि उसकी भूमि पर कुछ दबंग प्रवृत्ति के लोग अवैध कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। उसका कहना है कि संबंधित भूमि को लेकर न्यायालय से स्टे आदेश (यथास्थिति बनाए रखने का आदेश) भी प्राप्त है, इसके बावजूद कब्जे की कोशिश जारी है। पीड़ित सुखवीर का कहना है कि उसने कई बार थाना उघैती पुलिस से शिकायत की, लेकिन उसकी शिकायत पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। आरोप है कि पुलिस उसकी बात सुनने को तैयार नहीं है, जिससे वह मानसिक रूप से काफी परेशान है। सुखवीर का कहना है कि यदि उसे समय रहते न्याय नहीं मिला और अवैध कब्जे को नहीं रोका गया, तो वह आत्महत्या जैसा कठोर कदम उठाने के लिए मजबूर हो सकता है। उसने प्रशासन और उच्च अधिकारियों से तत्काल हस्तक्षेप कर अपनी जमीन की सुरक्षा और न्याय दिलाने की मांग की है। फिलहाल इस मामले में पुलिस प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। यदि पीड़ित के आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह कानून-व्यवस्था और न्यायिक आदेशों के पालन पर गंभीर सवाल खड़े कर सकता है। फिलहाल पीड़ित अब स्थानीय स्तर से लेकर शासन तक शिकायत कर रहा है और न्याय की गुहार लगा रहा है।
