बदायूं, संवाददाता।
बिसौली विधानसभा क्षेत्र के पूर्व भाजपा विधायक कुशाग्र सागर ने 21 अक्टूबर 2026 को भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और पार्टी में निभाए जा रहे सभी दायित्वों से इस्तीफा देने की घोषणा की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपना इस्तीफा साझा करते हुए पार्टी में 11 वर्षों तक निष्ठा और समर्पण से काम करने का जिक्र किया। उन्होंने लिखा कि लंबे समय तक मेहनत करने के बावजूद अपेक्षित सम्मान और अपनापन नहीं मिलने से उन्हें गहरी ठेस पहुंची है। कुशाग्र सागर ने इस्तीफा देते हुए अपने फेसबुक अकाउंट से जानकारी शेयर की है।
कुशाग्र सागर वर्ष 2017 में भाजपा के टिकट पर बिसौली से विधायक चुने गए थे। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा, लेकिन इसके बाद भी वह संगठन में सक्रिय रहे और पार्टी के लिए काम करते रहे।
बिसौली की राजनीति में हाल के वर्षों में सपा विधायक आशुतोष मौर्य के भाजपा से जुड़ने और उनके परिवार के सदस्यों की पार्टी में सदस्यता को लेकर राजनीतिक समीकरण बदले। इसी बीच कुशाग्र सागर ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। हालांकि, उनके इस्तीफे के पीछे संगठन के भीतर के घटनाक्रम को लेकर उनकी ओर से जारी पोस्ट में किसी व्यक्ति का नाम नहीं लिया गया है।
अपने संदेश में कुशाग्र सागर ने लिखा कि किसी संगठन से 11 वर्षों तक जुड़े रहना केवल राजनीतिक संबंध नहीं, बल्कि भावनात्मक रिश्ता होता है। उन्होंने कहा कि उन्होंने व्यक्तिगत कठिनाइयों के बावजूद पार्टी और कार्यकर्ताओं के लिए अपनी क्षमता के अनुसार हर संभव प्रयास किया तथा संगठन को परिवार समझकर समय और ऊर्जा दी।
उन्होंने भाजपा में बिताए समय, मिले अवसरों और अनुभवों के लिए आभार जताते हुए कहा कि उनका यह फैसला आसान नहीं था। उन्होंने इस्तीफे को राजनीतिक सफर का भावुक पड़ाव बताते हुए कहा कि यह अंत नहीं, बल्कि आत्मसम्मान के साथ आगे बढ़ने की नई शुरुआत है।
कुशाग्र सागर के इस्तीफे से बिसौली क्षेत्र में भाजपा की राजनीति में नए घटनाक्रम की चर्चा शुरू हो गई है। उनके पिता योगेंद्र सागर भी पूर्व विधायक रह चुके हैं।
भाजपा जिला अध्यक्ष की सुनिए…..
जब जब चुनाव आते हैं तब तब राजनैतिक लोगों का मन विचलित होता है, इसलिए राजनैतिक उथल-पुथल होना सामान्य बात है।
मैं भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता हूँ, इसलिए मैं भाजपा की बात करूंगा, कौन गया, इस पर मैं अपनी ऊर्जा खर्च करना उचित नहीं समझता, भाजपा राष्ट्र निर्माण का महायज्ञ कर रही है, राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने वाले तन मन धन से अपनी आहुति दे रहे हैं, जिन्हें सिर्फ विधायक या सांसद ही बनना है, उनके लिये भाजपा उचित स्थान नहीं है, हाँ भाजपा भी राजनीति कर रही है, विधायक या सांसद बनाती है पर, भाजपा की राजनीति राष्ट्र निर्माण के लिये है, स्वहित के लिए नहीं।
कुशाग्र सागर बसपा से भाजपा में आए थे। भाजपा ने उन्हें मात्र 25 वर्ष की आयु में विधायक बनाने का अवसर दिया, यह पार्टी के नेतृत्व के विश्वास को दर्शाता है। हमारा प्रत्याशी कमल का फूल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में भाजपा विकास एवं जनसेवा के संकल्प के साथ निरंतर आगे बढ़ रही है और जनपद की सभी सीटों पर आने वाले चुनाव में भाजपा का परचम लहरायेगा।

Discussion about this post