नया बदायूं, संवाददाता।
सावन माह एवं कांवड़ यात्रा-2026 के दृष्टिगत बदायूं पुलिस की ओर से थाना कुंवरगांव में कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की सेवा एवं स्वागत के लिए भंडारे का आयोजन किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने थाना प्रभारी कुंवरगांव एवं पुलिस बल के साथ भंडारे में पहुंचकर कांवड़ियों का स्वागत किया और उन्हें प्रसाद वितरित किया।
इस दौरान एसएसपी ने कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं से उनकी कुशलक्षेम की जानकारी ली। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने श्रद्धालुओं को आवश्यक सहयोग प्रदान करते हुए उन्हें सुरक्षित गंतव्य की ओर रवाना कराया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को कांवड़ यात्रा के दौरान पूरी सतर्कता एवं सजगता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा का विशेष ध्यान रखने के साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बदायूं पुलिस ने कहा कि श्रद्धालुओं की सेवा, सुरक्षा और सुगम कांवड़ यात्रा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस बल पूरी तरह तत्पर है।
