नया बदायूं

भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया खाटू श्याम बाबा का जन्मोत्सव, छप्पन भोग लगाकर काटा केक

 

बदायूं संवाददाता।

शहर के सम्राट अशोक नगर स्थित श्रीरामदूत संकट मोचन बालाजी दरबार में श्री खाटू श्याम बाबा का जन्मोत्सव बड़े ही धूमधाम, श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। जन्मोत्सव के अवसर पर मंदिर परिसर को रंग-बिरंगे गुब्बारों और आकर्षक सजावट से भव्य रूप दिया गया। सुबह से ही बाबा के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया। पूरे दरबार में भक्ति और उल्लास का माहौल बना रहा।

कार्तिक शुक्ल पक्ष की देवउठनी एकादशी के पावन अवसर पर बाबा का रूह के इत्र से अभिषेक किया गया। इसके बाद गुलाब, चंपा और चमेली सहित विभिन्न सुगंधित फूलों के गजरों से बाबा का मनमोहक शृंगार किया गया। बाबा के दिव्य स्वरूप के दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। इसके बाद विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर बाबा को छप्पन भोग अर्पित किया गया।

महंत पुष्पेंद्र पुरी महाराज के सानिध्य में उपमहंत गिरधर दास राम गोस्वामी एवं नारायण दास गोस्वामी ने सुबह से शाम तक मनोकामना यज्ञ संपन्न कराया। यज्ञ में श्रद्धालुओं ने आहुतियां देकर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और विश्व कल्याण की कामना की। पूरे दिन धार्मिक अनुष्ठानों के चलते दरबार में भक्तिमय वातावरण बना रहा।

रात्रि में आयोजित कार्यक्रम में गोवर्धन लीला का मनोहारी मंचन किया गया। इसके बाद श्याम संकीर्तन का आयोजन हुआ, जिसमें भजन गायकों ने खाटू श्याम बाबा के भजनों की सुंदर प्रस्तुतियां दीं। श्याम भजनों की मधुर धुनों पर श्रद्धालु झूमते और बाबा की भक्ति में लीन नजर आए। देर रात तक दरबार में जय श्री श्याम के जयकारे गूंजते रहे।

कार्यक्रम के समापन पर बाबा की भव्य आरती की गई। इसके बाद बाबा को भोग लगाकर जन्मोत्सव का केक काटा गया और उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। श्रद्धालुओं ने बाबा के समक्ष माथा टेककर परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। पूरे आयोजन में श्रद्धा, आस्था और उत्सव का अनूठा संगम देखने को मिला।

इस अवसर पर राजू मौर्य, प्रेम कुमार प्रजापति, विशेष प्रजापति, पाशु सक्सेना, सतीश प्रजापति, परमेश्वरी लाल कश्यप, प्यारेलाल मौर्य, संजू मौर्य, सुमित मौर्य, राजवीर प्रजापति, राजेंद्र प्रसाद, पुष्पेंद्र शर्मा, केंद्रपाल मौर्य, अंशुल सागर और पंकज साहू सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने आयोजन में सहभागिता कर बाबा का आशीर्वाद प्राप्त किया।

Exit mobile version