नया बदायूं

कांवड़ यात्रा : SSP अंकिता शर्मा ने कछला घाट और यात्रा मार्ग का किया निरीक्षण

नया बदायूं, संवाददाता।

श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने रविवार को कछला गंगा घाट और कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को “Zero Incident, Zero Accident” के लक्ष्य के साथ पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।


कछला गंगा घाट पर निरीक्षण के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग और घाट की सुरक्षा समेत अन्य व्यवस्थाओं को परखा गया। SSP ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा में किसी भी तरह की कमी नहीं रहनी चाहिए। व्यवस्थाओं का लगातार निरीक्षण कर आवश्यक सुधार तत्काल सुनिश्चित करने को कहा गया।


कांवड़ यात्रा के दौरान संभावित भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था, पार्किंग, रूट डायवर्जन, बैरियर, भीड़ नियंत्रण और वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। SSP ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को कांवड़ यात्रा मार्ग, प्रमुख चौराहों, संवेदनशील स्थानों और कछला गंगा घाट पर सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह मजबूत रखने के निर्देश दिए।


उन्होंने कहा कि ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी पूरी सतर्कता, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा श्रद्धालुओं की सहायता और सुविधा को प्राथमिकता दें। आपात स्थिति से निपटने और किसी भी अप्रिय घटना पर त्वरित कार्रवाई के लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए गए।


SSP ने पुलिस बल को लगातार भ्रमणशील रहकर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए रखने को भी कहा। इस दौरान एसडीएम सदर साईं अश्रित शखमुरी, सीओ उझानी सुनील कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक उझानी प्रवीण कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Exit mobile version