नया बदायूं, संवाददाता।
आगामी श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में समीक्षा बैठक की गई। बैठक की अध्यक्षता डीएम अवनीश राय एवं एसएसपी अंकिता शर्मा ने संयुक्त रूप से की।
बैठक में कांवड़ यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, चिकित्सा सुविधाएं, पार्किंग, डायवर्जन प्लान तथा विश्राम स्थलों सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
डीएम एवं एसएसपी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण की जाएं, ताकि श्रद्धालुओं और कांवड़ यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही, असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने, सोशल मीडिया की सतत मॉनिटरिंग करने और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में सीडीओ गामिनी सिंगला, एडीएम प्रशासन अरुण कुमार, एसपी देहात डॉ. ह्रदेश कठेरिया, एसपी नगर अभिषेक कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
