नया बदायूं

गुरु रविदास महाराज की जन्मस्थली से पावन माटी लेकर बदायूं पहुंचेंगे जोगेंद्र सिंह पटेल

नया बदायूं, संवाददाता।

संत शिरोमणि श्रीगुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे ‘समरसता संकल्प अभियान’ के अंतर्गत पावन माटी कलश को बदायूं लाया जा रहा है। अभियान संयोजक एवं भाजपा जिला महामंत्री जोगेंद्र सिंह पटेल 31 जुलाई को वाराणसी से यह पवित्र माटी लेकर बदायूं पहुंचेंगे।

जानकारी देते हुए जिला कोषाध्यक्ष अनुभव उपाध्याय ने बताया कि जोगेंद्र सिंह पटेल ने वाराणसी के सीर गोवर्धनपुर स्थित संत गुरु रविदास महाराज की पावन जन्मस्थली से विधिवत पूजा-अर्चना के बाद पवित्र माटी को कलश में संग्रहित किया है। इस पावन माटी का बदायूं आगमन पर भव्य स्वागत किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जनपद में माटी के आगमन के पश्चात विभिन्न मंडलों में ‘पावन माटी कलश यात्रा’ निकाली जाएगी। इस यात्रा के माध्यम से संत गुरु रविदास महाराज के समरसता, समानता और सामाजिक सद्भाव के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
अनुभव उपाध्याय ने कहा कि संत रविदास महाराज का संदेश एक ऐसे समाज की परिकल्पना करता है, जहां सभी को समान अवसर, सम्मान और समृद्धि प्राप्त हो। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र एवं प्रदेश की डबल इंजन सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के सिद्धांत पर चलते हुए इसी लोककल्याणकारी सोच को साकार करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

Exit mobile version