बदायू संवाददाता।
दातागंज तहसील के गांव शाहपुर में डेंगू से चार ग्रामीणों की मौत और सैकड़ों लोगों के बुखार से पीड़ित होने का मामला सामने आने के बाद कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव ने बुधवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने गांव में तत्काल मेडिकल कैंप लगवाने के साथ ग्रामीणों की मुफ्त जांच और इलाज की व्यवस्था कराने की मांग की।
अजीत यादव ने मंगलवार को शाहपुर गांव का दौरा कर पीड़ित ग्रामीणों और उनके परिजनों से बातचीत की थी। ग्रामीणों ने उन्हें बताया कि गांव में अब तक डेंगू से चार लोगों की मौत हो चुकी है। मृतकों में जितेंद्र जाटव की पत्नी करिश्मा जाटव, सतेंद्र जाटव के बेटे ओजेश जाटव और दो छोटे बच्चे शामिल हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, गांव में करीब 400 लोग बुखार से पीड़ित हैं। कई परिवार कर्ज लेकर निजी अस्पतालों में इलाज कराने को मजबूर हैं।
बुधवार को सीएमओ से वार्ता के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि गांव में बीमारी के प्रसार को देखते हुए तत्काल स्वास्थ्य शिविर लगाया जाना चाहिए, ताकि बुखार से पीड़ित लोगों की जांच कर उन्हें समय पर उपचार मिल सके।
स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर सरकार पर उठाए सवाल
अजीत यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा की डबल इंजन सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि बदायूं जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में डेंगू और मलेरिया की जांच, रोकथाम और उपचार की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है।
उन्होंने आयुष्मान भारत योजना पर सवाल उठाते हुए कहा कि सभी ग्रामीणों के आयुष्मान कार्ड नहीं बने हैं। जिन लोगों के कार्ड बने हैं, उन्हें भी ग्रामीण क्षेत्रों में पर्याप्त सुविधाओं वाले अस्पतालों की कमी के कारण इलाज कराने में परेशानी होती है। उन्होंने कहा कि सरकार ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी से पीछे नहीं हट सकती।
मेडिकल कैंप नहीं लगा तो होगा धरना-प्रदर्शन
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि ग्रामीणों को समय पर इलाज दिलाने के लिए कांग्रेस संघर्ष करेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शाहपुर गांव में तत्काल मेडिकल कैंप नहीं लगाया गया और बीमार ग्रामीणों के उपचार की समुचित व्यवस्था नहीं हुई, तो कांग्रेस धरना-प्रदर्शन करेगी।
इस दौरान कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष दीपक मिश्रा, कांग्रेस विधि विभाग के जिलाध्यक्ष सूरज पाल सोलंकी, एससी कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष मुनेंद्र कन्नौजिया, सेवानिवृत्त कानूनगो सुरेंद्र सिंह और सोशल मीडिया जिलाध्यक्ष नवनीत यादव सहित अन्य कांग्रेसी मौजूद रहे।
