नया बदायूं

आयुष्मान कार्ड बनाने और जननी सुरक्षा योजना के भुगतान में तेजी लाने के निर्देश

बदायूं, संवाददाता।

बदायूं मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला ने मंगलवार को जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं और कार्यक्रमों की समीक्षा की। उन्होंने पात्र लाभार्थियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने और स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

बैठक में बताया गया कि जिले में अब तक 8,95,361 आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। कम प्रगति वाले प्रत्येक विकासखंड के 10 गांवों में शिविर लगाकर कार्ड बनाने के निर्देश दिए गए।

जननी सुरक्षा योजना की समीक्षा में अम्बियापुर और उझानी में भुगतान की प्रगति कम मिलने पर तीन दिन में इसे 85 प्रतिशत तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए। वहीं जिला मलेरिया अधिकारी ने बताया कि एक से 31 अक्टूबर तक विशेष अभियान और 12 से 31 अक्टूबर तक दस्तक अभियान चलाया जाएगा।

नियमित टीकाकरण की समीक्षा में इस्लामनगर और बिल्सी की ड्यू लिस्ट की प्रगति कम मिलने पर सीडीओ ने निगरानी बढ़ाने और लापरवाही मिलने पर संबंधित एएनएम के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और ब्लॉक स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Exit mobile version