नया बदायूं, संवाददाता।
राजकीय मेडिकल कॉलेज, बदायूं के एनाटमी विभाग में गुरुवार को नगर पंचायत गुलड़िया निवासी 84 वर्षीय रघुराज सिंह पुत्र स्व. भीम सिंह ने देहदान का संकल्प लेकर समाज के सामने प्रेरणादायक उदाहरण पेश किया। योग गुरु गिरिधारी सिंह राठौर से प्रेरित होकर उन्होंने देहदान का संकल्प लिया।
एनाटमी विभागाध्यक्ष डॉ. मुकत्याज हुसैन एवं लैब टेक्नीशियन/बॉडी इंजेक्टर प्रमोद कुमार ने उनका पंजीकरण कर संकल्प पत्र भरवाया तथा देहदान की प्रक्रिया और इसके महत्व की जानकारी दी। प्रधानाचार्य डॉ. शिव कुमार, कम्युनिटी मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. अर्शिया मसूद सिद्दीकी और एनाटमी विभागाध्यक्ष डॉ. मुकत्याज हुसैन ने रघुराज सिंह को देहदान संकल्प प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
मेडिकल छात्रों के हित में कार्य
प्रधानाचार्य ने कहा कि देहदान चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान और भावी चिकित्सकों के प्रशिक्षण के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इससे मेडिकल छात्रों को मानव शरीर की वास्तविक संरचना का अध्ययन करने तथा बेहतर व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त करने में मदद मिलती है। देहदान के माध्यम से व्यक्ति मृत्यु के बाद भी मानवता और समाज की सेवा करता रहता है।
देहदान महान कार्य
योग गुरु गिरिधारी सिंह राठौर ने कहा कि देहदान मानव सेवा का महान कार्य है। इससे मेडिकल छात्रों को मानव शरीर की संरचना का प्रत्यक्ष अध्ययन करने का अवसर मिलता है और वे बेहतर चिकित्सक बन सकते हैं। उन्होंने लोगों से देहदान के प्रति जागरूक होने की अपील की।
संपर्क करें
देहदान का संकल्प लेने के इच्छुक लोग राजकीय मेडिकल कॉलेज के एनाटमी विभाग से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा योग गुरु गिरिधारी सिंह राठौर से मोबाइल नंबर 8630691200 पर संपर्क किया जा सकता है।
यह रहे मौजूद
कार्यक्रम में डॉ. पारूल सक्सेना, डॉ. लालेन्द्र यादव, डॉ. ऋषभ सिंह, डॉ. अर्जित आर्य, डॉ. इतिशा चौधरी, सत्वीर सिंह, टिंकू कश्यप, रूबी गुप्ता, राकेश पाल, अशोक कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Discussion about this post