नया बदायूं, संवाददाता। ब्यूरो कार्यालय
यूपी से बड़ी खबर सामने आ रही है। यूपी के जनपद बदायूं के थाना मुसाझाग क्षेत्र स्थित ग्राम सैजनी में निर्माणाधीन महिला पीएसी बटालियन परिसर का पुलिस उपमहानिरीक्षक (पीएसी) लखनऊ अनुभाग किरीत राठौड ने जिलाधिकारी अवनीश राय और एसएसपी अंकिता शर्मा के साथ स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, उपयोग में लाई जा रही सामग्री, कार्य की प्रगति और सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। साथ ही निर्माण स्थल पर बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक, आवागमन व्यवस्था और अन्य सुरक्षा उपायों की भी जांच की गई।
अधिकारियों ने कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य तय मानकों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता के साथ समयबद्ध रूप से पूरा किया जाए। इसके अलावा निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने और कार्य की नियमित निगरानी करने पर भी जोर दिया गया।
निर्माण स्थल और आसपास के क्षेत्र की कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए सुरक्षा व्यवस्थाओं को और मजबूत करने के निर्देश दिए गए। साथ ही हर चरण में गुणवत्ता और सुरक्षा को प्राथमिकता देने की बात कही गई।
इस दौरान सेनानायक 02 वाहिनी पीएसी सीतापुर संतोष कुमार मीना, उप सेनानायक 43वीं वाहिनी पीएसी एटा मुकेश प्रताप सिंह, क्षेत्राधिकारी उझानी सुनील कुमार सिंह, क्वार्टर मास्टर 08वीं वाहिनी बरेली तेज प्रताप सिंह, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन इन्द्रजीत सिंह सहित अन्य प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी तथा कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
