नया बदायूं संवाददाता।
श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह ने शनिवार को कछला गंगा घाट और कांवड़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, घाट की व्यवस्थाओं, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश, बैरिकेडिंग और पार्किंग व्यवस्था का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कांवड़ यात्रा के दौरान भीड़ और यातायात को देखते हुए रूट डायवर्जन, बैरियर, पार्किंग, भीड़ नियंत्रण और वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। निर्देश दिए गए कि निर्धारित यातायात व्यवस्था का कड़ाई से पालन कराया जाए। बाईपास की ओर नवनिर्मित हाईवे पर कछला की ओर से दोपहिया वाहन उझानी की ओर जा सकेंगे, लेकिन वापसी की अनुमति नहीं होगी। दोपहिया और चारपहिया वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल से आगे नहीं जाने दिया जाएगा। सोरों साइड में डीजे वाहनों के लिए अलग पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
एएसपी ने प्रभारी निरीक्षक उझानी और यातायात निरीक्षक को पुल व घाट की ओर अनधिकृत वाहनों का प्रवेश रोकने तथा यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के निर्देश दिए। साथ ही कांवड़ मार्ग, प्रमुख चौराहों, संवेदनशील स्थानों और घाट पर पुलिस बल को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने को कहा।
उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुगम और शांतिपूर्ण संपन्न कराना पुलिस-प्रशासन की प्राथमिकता है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान सीओ उझानी सुनील कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक उझानी प्रवीण कुमार सिंह, चौकी प्रभारी कछला समेत पुलिस अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
