बदायूं, संवाददाता।
उच्च न्यायालय के आदेश के अनुपालन में जिले के परिषदीय प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, कंपोजिट और कस्तूरबा विद्यालयों में चल रहे स्कूल सेफ्टी ऑडिट के तहत संविलियन विद्यालय नौशेरा, उझानी में टीम ने पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया।
ऑडिट के दौरान सिविल इंजीनियर ज्ञानेन्द्र कुमार, आपदा प्रबंधन से षट्वदन कुमार और फायर सर्विस से मोहम्मद तफजील ने विद्यालय परिसर का निरीक्षण किया। टीम ने आपदा की स्थिति में विद्यार्थियों और स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकालने की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। सिविल इंजीनियर ने जर्जर कक्षों का निरीक्षण कर उन्हें दुरुस्त कराने के लिए रिपोर्ट में शामिल किया। सुरक्षा की दृष्टि से बच्चों को दूसरे स्थान पर शिफ्ट कराया गया।
फायर सर्विस टीम ने अग्निशमन यंत्रों की जांच करने के साथ रसोई में इस्तेमाल हो रहे गैस सिलेंडर की स्थिति भी देखी। विद्यालय स्टाफ द्वारा बताई गई समस्याओं का टीम ने स्थलीय निरीक्षण किया और जिन कमियों में तत्काल सुधार संभव है, उन्हें दूर कराने के निर्देश दिए। जिन कार्यों के लिए शासन स्तर से कार्रवाई की आवश्यकता है, उन्हें रिपोर्ट में शामिल कर लखनऊ भेजा जाएगा।
विद्यालय प्रभारी प्रधानाध्यापक रजनीश शर्मा ने टीम को निरीक्षण के दौरान आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई। डीपीएम अमर सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर निरीक्षण प्रक्रिया का जायजा लिया। यह सेफ्टी ऑडिट बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चरणबद्ध तरीके से कराया जा रहा है।
इस दौरान संजीव कुमार, अफजल जहां, कामना कटियार, हिमांशु जुकारिया, दीप्ति यादव, आरती तिवारी, आंगनवाड़ी स्टाफ और ग्राम प्रधान प्रतिनिधि मौजूद रहे।
