नया बदायूं, संवाददाता।
इनर व्हील क्लब, बदायूं द्वारा केदारनाथ महिला इंटर कॉलेज में छात्राओं को स्वास्थ्य और योग के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को योग के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई और उन्हें व्यावहारिक रूप से योगाभ्यास भी कराया गया।
क्लब की अध्यक्ष रागिनी रस्तोगी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं है, बल्कि यह मानसिक संतुलन और एकाग्रता बढ़ाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने बताया कि नियमित योग करने से पढ़ाई का तनाव कम होता है और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास में भाग लिया। उन्हें विभिन्न योग क्रियाओं के माध्यम से स्वस्थ रहने और अनुशासित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यालय की प्रधानाचार्य कविता रस्तोगी ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए छात्राओं को योग को दैनिक जीवन में अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि योग से न केवल शरीर स्वस्थ रहता है, बल्कि मन भी शांत और केंद्रित रहता है, जो विद्यार्थियों के लिए अत्यंत आवश्यक है।
पीडीसी साधना रस्तोगी ने अपने संबोधन में कहा कि योग को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना चाहिए, जिससे व्यक्ति शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बन सके।
इस अवसर पर क्लब की सदस्य अंजलि, मंजुल शंखधर, अंजना रस्तोगी, सरोज रस्तोगी, करुणा रस्तोगी, कुसुम रस्तोगी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहीं।
