नया बदायूं, संवाददाता।
शिखर इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी एंड नर्सिंग, शेखूपुर में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास, उत्साह एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। समारोह में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं संस्थान पदाधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ चेयरमैन सुभाष थरेजा, डिप्टी रजिस्ट्रार राजन मेंदिरत्ता एवं प्रेसिडेंट डॉ. राजेश कुमार वर्मा ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण कर किया। राष्ट्रध्वज को सलामी देने के साथ स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों एवं शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।
इसके बाद मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ हुआ। संस्थान परिवार ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया। प्रेसिडेंट डॉ. राजेश कुमार वर्मा ने अपनी स्वरचित कविता के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम, वीर सपूतों के संघर्ष और बलिदान को भावपूर्ण ढंग से प्रस्तुत किया। उनकी प्रस्तुति ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता के महत्व और शहीदों के त्याग को समझने की प्रेरणा दी।
B.Pharm द्वितीय वर्ष के छात्र अंश शर्मा एवं विष्णु चौहान ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। इसके बाद विद्यार्थियों ने समूह नृत्य, एकल नृत्य, समूह गीत, गायन, भाषण और कविता सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। ANM प्रथम व अंतिम वर्ष, B.Pharm प्रथम, द्वितीय व चतुर्थ वर्ष तथा D.Pharm द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
संस्थान के पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए देश की एकता, अखंडता, शांति और प्रगति में योगदान देने का आह्वान किया। समारोह के अंत में सभी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं प्रगति के लिए अपना योगदान देने का संकल्प लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान संस्थान परिसर देशभक्ति के उत्साह से सराबोर रहा।
