नया बदायूं

बंदर को पीटने का मामला, पुलिस से कार्रवाई की मांग

नया बदायूं, संवाददाता।

जनपद बदायूं के तहसील सहसवान क्षेत्र के ग्राम भवानीपुर खल्ली की बस्ती में एक बंदर को बेरहमी से पीटने का मामला सामने आया है। इस संबंध में स्थानीय निवासी द्वारा थाना सहसवान में प्रार्थना पत्र देकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 13 जुलाई 2026 को सूचना मिली कि गांव भवानीपुर खल्ली बस्ती में कुछ लोगों द्वारा एक बंदर को बुरी तरह पीटा गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर पशु सेवा से जुड़े विकेंद्र शर्मा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उनके साथ गौरव कुमार और नरेंद्र महेश्वरी भी मौजूद रहे। मौके पर बंदर गंभीर हालत में पड़ा मिला और चलने-फिरने में असमर्थ था।
घटना की सूचना तत्काल डायल 112 पुलिस को दी गई, जिस पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। स्थानीय लोगों से पूछताछ में पता चला कि घटना स्थल के पास लगे CCTV कैमरे में पूरी घटना कैद हुई है। फुटेज में कुछ महिलाएं और बच्चे बंदर को मारते हुए दिखाई दे रहे हैं।
शिकायतकर्ता ने इस घटना को अमानवीय बताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

थाना सहसवान क्षेत्र क़े ग्राम भवानीपुर खल्ली से बन्दर को क्रूरतापूर्वक पीटने का वीडियो वायरल हुआ है। इस पर  संस्था पीपल फॉर एनिमल्स बदायूं की सहसवान टीम ने अधमरे बंदर को रेस्क्यू कर पुलिस से कार्यवाही की मांग की। पशु प्रेमी विकेंद्र शर्मा ने भी इस घटना में कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Exit mobile version