नया बदायूं, संवाददाता। राज्य ब्यूरो
भाजपा की केंद्र एवं राज्य सरकार ने उत्तर प्रदेश में सबसे लंबा गंगा एक्सप्रेस वे बनाकर तैयार कर दिया है। 29 अप्रैल को गंगा एक्सप्रेस-वे का हरदोई में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोकापर्ण करेंगे। इसके लिए तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। मेरठ से लेकर प्रयागराज तक 12 जनपदों से होकर गंगा एक्सप्रेस-वे निकला है। हरदोई के आसपास के चार जनपदों के लोग हरदोई कार्यक्रम में शामिल होंगे। बाकी जनपदों के लोग संबधित जनपद में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। संबधित जनपद के कार्यक्रम में प्रधानमंत्री का लाइव प्रसारण दिखाया जायेगा। इसके लिए संबधित जनपदों में कार्यक्रम की तैयारियां की जा रही है।
बदायूं में करीब 91 किलो मीटर की दूरी पर गंगा एक्सप्रेस-वे निकला है। 29 अप्रैल को इस गंगा एक्सप्रेस-वे का हरदोई जनपद में उद्घाटन किया जायेगा। मगर स्थानीय जनपद में बिनावर पर गंगा एक्सप्रेस-वे को लेकर कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा। गंगा एक्सप्रेस-वे के लोकापर्ण का बदायूं के बिनावर में लाइव प्रसारण को दिखाया जायेगा। इसके लिए बड़ा पांडाल लगाया गया है। इस पांडाल में पांच हजार लोगों को बैठने की क्षमता है। गंगा एक्सप्रसे-वे का लाइव प्रसारण दिखाया जायेगा। जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोकापर्ण करेंगे। बिनावर में आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय भाजपा पदाधिकारी शामिल होंगे। इस कार्यक्रम को लेकर डीएम अवनीश राय ने एडीएम वित्त एवं राजस्व डॉ. वैभव शर्मा के साथ निरीक्षण किया। कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्था से लेकर तमाम इंतजाम किये जा रहे हैं। बतादें कि हरदोई के आसपास के चार जनपद छोड़कर यूपी के आठ जनपदों में लाइव कार्यक्रम किया जायेगा।
594 किलो मीटर लंबा है गंगा एक्सप्रेस-वे
उत्तर प्रदेश में मेरठ से प्रयागराज तक 594 किमी लंबा गंगा एक्सप्रेस-वे बनकर तैयार हो चुका है। गंगा एक्सप्रेस-वे से 29 अप्रैल को लोकापर्ण के बाद वाहनों का दौड़ना शुरू हो जायेगा। गंगा एक्सप्रेस-वे से लोगों को सुगम एवं सुरक्षित सफर की सुविधा मिलेगी। अभी तक जहां लोगों को म्याऊं, उसावां, कलान, जलालाबाद, हरदोई, लखनऊ, राय बरेली, कुंडा प्रतापगढ़ होते हुये प्रयागराज जाने के लिए कार से दस से 12 घंटे का समय देना पड़ता है, वहीं गंगा एक्सप्रेस-वे चालू होने पर प्रयागराज पहुंचने में पांच से छह घंटे ही लगेंगे। इससे जहां लोगों को अधिक देर कार में बैठना नहीं पड़ेगा वहीं समय भी बर्बाद नहीं होगा। गंगा एक्सप्रेस-वे पर सफर करने वाले लोगों की सुरक्षा का भी पूरा ध्यान रखा गया है।
कहां से कहां तक है एक्सप्रेस-वे
गंगा एक्सप्रेस-वे मेरठ-बुलंदशहर मार्ग (राष्ट्रीय राजमार्ग-334) पर स्थित जनपद मेरठ के बिजौली ग्राम से शुरू होकर प्रयागराज बाईपास (राष्ट्रीय राजमार्ग-19) पर जनपद प्रयागराज के जुड़ापुर दांदू ग्राम के समीप तक जाता है। इस परियोजना से प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी क्षेत्रों के बीच आवागमन अत्यंत सुगम और तेज होगा। एक्सप्रेस-वे की 92 किमी दूरी जिले की सीमा में पड़ती है।
फ्लाइट की भी मिलेगी सुविधा
योगी-मोदी सरकार ने गंगा एक्सप्रेस-वे से बड़ा लाभ दिया है। गंगा एक्सप्रेस-वे का जेवर ऐयरपोर्ट जाने वालों को भी लाभ मिलेगा। जिले से बड़ी संख्या में व्यापारी एवं चिकित्सा वर्ग के लोगों का देश, विदेश आना जाना रहता है। ये लोग गंगा एक्सप्रेस-वे के जरिये आसानी से जेवर ऐयरपोर्ट पहुंचकर फ्लाइट पकड़ सकेंगे।
छह लेन में तैयार है एक्सप्रेस-वे
गंगा एक्सप्रेस-वे को हाई-स्पीड यात्रा के लिये तैयार किया गया है। एक्सप्रेस-वे पर कारों के लिए अधिकतम स्पीड लिमिट 120 किमी प्रति घंटा तय की गई है। एक्सप्रेस-वे फिलहाल छह-लेन में तैयार हुआ है। भविष्य में आठ-लेन तक विस्तारित करने का प्रावधान रखा गया है।
