नया बदायूं, संवाददाता।
रिजर्व पुलिस लाइंस बदायूं के परेड ग्राउंड में बुधवार को 51वीं अंतर्जनपदीय शूटिंग स्पोर्ट्स (रायफल/रिवाल्वर/पिस्टल शूटिंग) एवं एलार्म एफीसिएन्सी रेस प्रतियोगिता-2026 का शुभारम्भ एसएसपी अंकिता शर्मा ने किया। प्रतियोगिता में बरेली जोन के अमरोहा एवं बिजनौर को छोड़कर अन्य जनपदों की पुलिस टीमों ने प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता का शुभारम्भ एलार्म एफीसिएन्सी रेस से हुआ। इसमें पुलिसकर्मियों ने शारीरिक दक्षता, साहस, संतुलन, अनुशासन और त्वरित निर्णय क्षमता का प्रदर्शन करते हुए निर्धारित बाधाओं को पार किया।
बदायूं की असॉल्ट टीम ने मारी बाजी
एलार्म एफीसिएन्सी रेस में जनपद बदायूं की असॉल्ट टीम ने 10 मिनट 16 सेकंड में सभी बाधाओं को सफलतापूर्वक पार कर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं बरेली की टीम ने 15 मिनट 10 सेकंड में रेस पूरी कर द्वितीय स्थान प्राप्त किया। अन्य प्रतिभागी टीमें निर्धारित बाधाओं को सफलतापूर्वक पूरा नहीं कर सकीं, जिसके चलते उन्हें डिसक्वालीफाई (DQ) किया गया।
एसएसपी ने किया उत्साहवर्धन
एसएसपी अंकिता शर्मा ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाली सभी पुलिस टीमों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं पुलिसकर्मियों में शारीरिक दक्षता, मानसिक दृढ़ता, अनुशासन, टीम भावना और कार्य के प्रति तत्परता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। ऐसी प्रतियोगिता से पुलिस कर्मियों की कार्यक्षमता और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में बेहतर प्रदर्शन करने की क्षमता भी विकसित होती है।
कार्यक्रम के दौरान एसपी ग्रामीण डॉ. ह्रदेश कठेरिया, एसपी नगर अभिषेक कुमार सिंह, सीओ लाइन राहुल पाण्डेय, सीओ सहसवान अशोक कुमार, सीओ दातागंज आशेषनाथ सिंह, प्रतिसार निरीक्षक इन्द्रजीत सिंह, प्रभारी निरीक्षक महिला थाना ज्योति सिंह सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
