नया बदायूं, संवाददाता।
उत्तर प्रदेश के बदायूं से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है, जो कानून को हाथ में लेने वाली और झकझोर देने वाली है। यहां चोरी के शक में युवक को पकड़कर तालाबानी सजा दी है। युवक को पकड़ाकर गांव में ग्रामीणों ने खंभे से बांधा और फिर पिटाई की। जिसकी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। मामला थाना कुंवरगांव क्षेत्र के एक गांव में चोरी के शक में एक युवक को खंभे से बांधकर मारपीट करने का है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। पीड़ित की पुत्री ने आरोपियों के खिलाफ थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। जिस पर पुलिस की ओर से मुकदमा दर्ज किया गया है।
मामला थाना कुंवरगांव क्षेत्र के गांव दुगरैय्या का है। पीड़िता अंजू पत्नी मोहित ने गुरुवार को थाना कुंवरगांव में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसके पिता राजेश किसी आवश्यक कार्य से गांव गए थे। आरोप है कि गांव के ही आधा दर्जन लोगों ने उन्हें पकड़ लिया और रस्सी से खंभे से बांध दिया। इसके बाद उनकी जमकर पिटाई की गई तथा जान से मारने की धमकी भी दी गई। एक तरह से उन्हें खंभे से बांधकर जिस तरह सजा दी है, वह कानून को हाथ में लेने जैसा मामला है। ग्रामीणों के अनुसार तीन माह पूर्व गांव में चोरी की एक घटना हुई थी। आरोप है कि उसी चोरी के शक में राजेश के साथ यह घटना की गई। परिजनों का कहना है कि चोरी की घटना के समय राजेश गांव में नहीं थे और बाहर रहकर मजदूरी कर रहे थे। हाल ही में गांव लौटने पर उनके साथ मारपीट की गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक व्यक्ति खंभे से बंधा दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। पीड़ित पक्ष ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने मुकदमा किया दर्ज
थाना कुंवरगांव के दुगरैया में खंभे से बांधकर युवक की पिटाई के मामले में थानाध्यक्ष राजेश कौशिक का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
