नया बदायूं

बदायूं के कादरचौक कस्बा में शाम होते ही बिजली सप्लाई बंद, छा जाता अंधेरा

नया बदायूं, संवाददाता।
जनपद बदायूं के ब्लाक कादरचौक कस्बा में पिछले एक महीने से बिजली व्यवस्था पूरी तरह गड़बड़ा गई है। दिन में बिजली आती है, लेकिन रात होते ही सप्लाई गायब हो जाती है। इससे ग्रामीणों का जीना मुहाल हो गया है। बिजली की चौपट व्यवस्था को लेकर ग्रामीण गुस्साए हुए हैं, बिजली न आने से रातभर लोगों की नींद हराम हो गई है। रात-रातभर लोग सो नहीं पा रहे हैं। मगर बिजली निगम के अधिकारी सुनने को तैयार नहीं हैं।

कस्बा कादरचौक के ग्रामीणों ने एक बार फिर ऑनलाइन जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत की है। ग्रामीणों का कहना है कि रात में बिजली न मिलने से घरों में गर्मी और उमस बढ़ जाती है। मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है। परेशान होकर लोग अपने घरों से निकलकर ट्रांसफार्मर के पास इकट्ठा हो जाते हैं, उम्मीद में कि शायद बिजली ठीक हो जाए। जबकि बिजली व्यवस्था ठप होने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। रात में लाइट न होने से पढ़ने-लिखने वाले बच्चों को सबसे ज्यादा दिक्कत हो रही है। कई छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि इस पूरे मामले पर बिजली विभाग के अधिकारी और कर्मचारी कोई संज्ञान नहीं ले रहे हैं। बार-बार शिकायत के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द रात की बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो वे बड़े स्तर पर प्रदर्शन करेंगे।

Exit mobile version