नया बदायूं, संवाददाता।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दहगवां में टीबी के सरकारी उपचार के दौरान मरीज के परिजन से कथित रूप से अतिरिक्त धनराशि मांगने का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता ने प्रभारी चिकित्सा अधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है। वही स्वास्थ्य अधिकारी मामले को दबाने में लगे हुए हैं। जबकि सोशल मीडिया पर टीवी की दवा के नाम पर वसूले जा रहा है रुपए की बातचीत की वीडियो वायरल हो चुकी है।
शिकायत के अनुसार, सहसवान थाना क्षेत्र के ग्राम भवानीपुर बेख निवासी राजिब अली अपने करीब 10 वर्षीय पुत्र मोहम्मद सहवास का उपचार कराने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दहगवां पहुंचे थे। बच्चे में गंभीर बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर टीबी संबंधी जांच और उपचार कराने की सलाह दी गई थी।
शिकायतकर्ता का कहना है कि 30 जून 2026 को वह अपने पुत्र को सीएचसी दहगवां लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक द्वारा बच्चे की जांच कर उपचार एवं दवा शुरू की गई। आरोप है कि उपचार शुरू होने के बाद संबंधित एलटी वसीम द्वारा पैसे लिए गए और लगातार पैसे देने का दबाव बनाया गया।
प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि कभी 10 दिन की और कभी आठ दिन की दवा दी जाती है। जब एक महीने की दवा देने की बात कही जाती है तो कथित रूप से अतिरिक्त धनराशि की मांग की जाती है। शिकायतकर्ता का दावा है कि पैसे नहीं देने पर उसे परेशान किया जाता है और दबाव बनाया जाता है।
शिकायतकर्ता ने बताया कि वह मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता है और पहले से ही बच्चे के इलाज को लेकर आर्थिक परेशानी झेल रहा है। ऐसे में सरकारी योजना के तहत उपलब्ध निःशुल्क टीबी जांच, उपचार और दवा के लिए धनराशि मांगे जाने के आरोप को उसने गंभीर मामला बताया है।
प्रार्थना पत्र में संबंधित एलटी वसीम द्वारा बच्चे को दी गई दवाओं, उपचार संबंधी अभिलेखों और कथित रूप से मांगी गई धनराशि की जांच कराने के साथ यह भी जांच करने की मांग की गई है कि बच्चे को नियमानुसार पर्याप्त मात्रा में सरकारी दवा उपलब्ध कराई जा रही है या नहीं। शिकायतकर्ता ने आरोप सही पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की मांग की है। परेशान होकर मरीज के तीमारदार ने इस पूरे प्रकरण की वीडियो बनाकर वायरल कर दी है। वीडियो में एलटी पैसे की मांग कर रहा है। जबकि सरकार टीवी मुक्त भारत को बनाने के चक्कर में जांच से लेकर उपचार तक सब कुछ निशुल्क उपलब्ध करा रही है यहां तक की मरीज को खान-पान के लिए भी पैसा दे रही है लेकिन टीबी विभाग के कर्मचारी मरीजों को लूटने में लगे हुए हैं।
क्या कहते हैं अधिकारी सुनिए
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ दिनेश कुमार का कहना है टीवी की सभी जांच फ्री हैं और दवाई भी निशुल्क हैं किसी भी तरह का कोई पैसा नहीं लेना चाहिए अगर एलटी के द्वारा पैसा लिया गया है तो वह गलत है। मामले की जांच करते हैं अगर सत्यता पाई जाती है तो निश्चित तौर पर कार्रवाई की जाएगी।
